बॉलीवुड में गैंगस्टरों की दहशत:मुंबई छोड़ने से पहले अभिनेताओं को बताना होगा अपना रूट, पुलिस का रहेगा पहरा – Gangster Threats: Bollywood Actors Must Inform Police Before Travelling Outside Mumbai
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर 18 अक्टूबर को हुए हमले और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से लगातार मिल रही धमकियों के बाद मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा को लेकर बेहद सख्त और व्यापक कदम उठाए हैं। पुलिस ने कम से कम दो ए-लिस्ट अभिनेताओं की सुरक्षा बढ़ाकर वाई-प्लस श्रेणी कर दी है, जबकि कई अन्य सितारों का सुरक्षा घेरा भी मजबूत किया गया है। नए सुरक्षा प्लान के तहत सबसे बड़ा बदलाव यह किया गया है कि अब मुंबई से बाहर जाने की योजना बना रहे अभिनेताओं को अपना पूरा प्रस्तावित यात्रा मार्ग पुलिस के साथ साझा करना होगा। पुलिस इस जानकारी के आधार पर उनके सफर के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगी। इतना ही नहीं, अभिनेता जिस शहर या जगह पर जाने वाले हैं, वहां उनके पहुंचने से पहले ही सुरक्षा जांच और सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, ताकि गंतव्य पर किसी भी तरह के खतरे की आशंका को कम किया जा सके।
स्थानीय पुलिस थानों को भी पहले से अलर्ट भेजेगी मुंबई पुलिस
मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, बाहर जाने वाले सितारों की सुरक्षा के लिए संबंधित शहरों के स्थानीय पुलिस थानों को भी पहले से अलर्ट कर दिया जाता है। जब तक सेलिब्रिटी उस इलाके की सीमा से बाहर नहीं निकल जाते, तब तक स्थानीय पुलिस उन्हें जरूरी सुरक्षा मुहैया कराती है। इस तरह मुंबई से बाहर भी स्थानीय पुलिस के साथ तालमेल बनाकर सितारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। सुरक्षा की समीक्षा के लिए कई एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। साथ ही ऐसे लोगों की पहचान भी की जा रही है, जिन्हें नए सुरक्षा घेरे की जरूरत हो सकती है।
कई सितारों के आवासों पर भी पहरा सख्त
पुलिस की यह रणनीति केवल सुरक्षा श्रेणी बढ़ाने तक सीमित नहीं है। कई मामलों में सुरक्षा श्रेणी में बदलाव किए बिना ही अतिरिक्त जवान तैनात किए जा रहे हैं और सितारों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है। गैंग के निशाने पर बताए जा रहे कुछ अभिनेताओं के परिवार के सदस्यों और करीबियों की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। सूत्रों के अनुसार, कुछ अभिनेताओं के परिजनों को एक्स श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। इसके अलावा, टाइगर श्रॉफ के घर समेत कई अन्य सितारों के आवासों पर भी पहरा सख्त कर दिया गया है। एक अभिनेता के घर पर तो बुलेटप्रूफ ढांचा भी लगाया गया है। पुलिस उन कलाकारों को भी सुरक्षा दे रही है, जिन्हें सीधे तौर पर कोई धमकी नहीं मिली है, लेकिन वे गैंग के निशाने पर मौजूद सितारों के बेहद करीबी माने जाते हैं।
गौरतलब है कि 18 अक्टूबर की शाम जुहू के पुष्पा पार्क के पास एक फुटबॉल ग्राउंड से निकलते समय बाइक सवार तीन हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर कम से कम तीन राउंड फायरिंग की थी। इस हमले में टाइगर बाल-बाल बच गए थे, लेकिन उनका ड्राइवर और एक अन्य राहगीर घायल हो गए थे। बाद में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के विदेश में बैठे सरगना अनिल पंडित ने एक ऑडियो संदेश में इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। इसमें टाइगर को सलमान खान के साथ काम नहीं करने की चेतावनी भी दी गई थी।
इससे पहले भी मुंबई में हुई कई बड़ी वारदातों में इस गैंग का नाम सामने आ चुका है। इनमें फरवरी में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर गोलीबारी, अप्रैल 2024 में सलमान खान की बांद्रा स्थित बिल्डिंग के बाहर फायरिंग और उसी साल अक्टूबर में पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी की हत्या शामिल है।
एक पुलिस सूत्र ने बताया कि ताजा समीक्षा के बाद एक ए-लिस्ट अभिनेता की सुरक्षा एक्स श्रेणी से बढ़ाकर वाई-प्लस और दूसरे अभिनेता की सुरक्षा वाई श्रेणी से बढ़ाकर वाई-प्लस कर दी गई है। हालांकि, सुरक्षा कारणों से इन सितारों के नाम गोपनीय रखे गए हैं।
