Gurugram News:ई-बसों के लिए नए रूटों को लेकर सर्वे कर रहा जीएमसीबीएल – Gmcbl Is Conducting A Survey For New Routes For E-buses
मई माह में 20 से अधिक रूट किए थे तैयार, नौ पर ई-बसें का संचालन किया शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने व अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी देने के लिए जीएमसीबीएल रूटों की योजना बना रहा है। जीएमसीबीएल प्रबंधन द्वारा शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक बसों (ई-बसों) के नए रूट तैयार करने के लिए सर्वे किया जा रहा है। इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य उन क्षेत्रों की पहचान करना है, जहां यात्रियों की संख्या व सार्वजनिक परिवहन की मांग सबसे अधिक है। सर्वे के आधार पर कई रूटों पर ई-बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) ने मई माह में करीब 20 संभावित रूट तैयार किए थे। वर्तमान में इनमें से नौ रूटों पर ई-बसों का ट्रायल व संचालन शुरू किया है। बेड़े में 71 ई-बसें शामिल हुई हैं, जिनमें से 35 ई-बसों की पंजीकरण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं, 36 बसों का पंजीकरण होने के बाद शेष रूटों और नए संभावित मार्गों पर बसें संचालित की जाएंगी।
जीएमसीबीएल की टीम सर्वे में सेक्टर-सोसाइटियों, औद्योगिक क्षेत्रों व मेट्रो स्टेशनों के बीच यात्रियों के आवागमन के पैटर्न का अध्ययन कर रही है। इसके अलावा, द्वारका एक्सप्रेसवे और नए विकसित हो रहे सेक्टरों (सेक्टर-81 से 115) में भी बस सेवा शुरू करने के लिए स्थानीय लोगों की मांग को परखा जा रहा है। वहीं, जीएमसीबीएल द्वारा गुरुगमन सिटी बस सेवा के तहत जिले में करीब 23 रूटों पर 150 सीएनजी सिटी बसें भी संचालित की जा रही हैं।
ई-बसों के रूट तय करते समय इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि अधिक से अधिक यात्रियों को सुविधा मिले। 36 ई-बसों की पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही अन्य कई रूटों पर ई-बसों का संचालन शुरू कराया जाएगा। – विश्वजीत चौधरी, सीईओ, जीएमसीबीएल
