एसआईआर के बाद सूची से बाहर हुए मतदाताओं के नाम ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी है। काशी क्षेत्र के 17 जिलों में करीब 25 लाख मतदाताओं के नाम कटे हैं। इन सबको भाजपा अपना कोर वोटर मानती है।
जौनपुर के ही नाै विधानसभा क्षेत्रों से 4.88 लाख मतदाताओं के नाम हटे हैं जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। वाराणसी में 2.83 लाख मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हुए हैं। वाराणसी की कैंट और रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा असर है। उत्तरी विधानसभा सीट भी प्रभावित है। जौनपुर की मड़ियाहूं और शाहगंज विधानसभा क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम कटे हैं। अब भाजपा विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों को साथ लेकर छूटे पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जुड़वाने में जुट गई है।
मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर नाम कटने से भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति बदल दी है। पार्टी के आंतरिक आकलन के मुताबिक संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण काशी क्षेत्र से ही 25 लाख मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हुए हैं। जिलावार आंकड़ों में जौनपुर सबसे आगे है। प्रयागराज में 4.40 लाख मतदाताओं के नाम कटे हैं। चंदौली में 2,29,710 और भदोही में 2,06,187 मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हुए हैं।