एनवीडिया:पूर्व सीईओ जेन्सन हुआंग की चीनी महिला एलिस के साथ तस्वीरें वायरल, बेटी के सामने गले लगाते दिखे – Nvedia Former Ceo Jensen Huang Embrace Alice Huang In Front Of Daughter Photos Viral
चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया से इस्तीफा देने के बाद उसके पूर्व सीईओ जेन्सेन हुआंग की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों में वह ताइपे में चीन की कथित जासूस एलिस हुआंग के साथ खुलेआम गले मिलते नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में वह अपनी बेटी के साथ डिनर टेबल पर भी उस महिला के करीब दिखाई दे रहे हैं। ये तस्वीरें साल 2024 की बताई जा रही हैं। द न्यूयॉर्क पोस्ट में प्रकाशित तस्वीरों में 63 वर्षीय अरबपति हुआंग, 49 वर्षीय एलिस हुआंग के साथ नजर आ रहे हैं। एलिस हुआंग सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल की पूर्व वरिष्ठ अधिकारी हैं। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को शक है कि वह चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम करती थीं।
द न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2024 में ताइपे में ली गई कुछ तस्वीरों में जेन्सन हुआंग एलिस को गले लगाते दिखाई दे रहे हैं। दोनों दिसंबर 2023 से एक-दूसरे के साथ मेलजोल बढ़ाने लगे थे और 2024 में उनके बीच कथित प्रेम संबंध शुरू हो गए थे। इससे भी ज्यादा चर्चा मई 2025 में जेन्सन हुआंग के ताइवान दौरे के दौरान हुई एक घटना की है। ताइवान के न्यूज चैनल टीवीबीएस और चीनी मीडिया संस्थान नेटईज के मुताबिक, यह घटना ताइपे के एक महंगे रेस्तरां ‘सानलियू शिफू’ में डिनर के दौरान हुई।
बेटी के सामने एलिस को गले लगाते दिखे
डिनर के समय जेन्सन और एलिस एक-दूसरे की कमर में हाथ डाले बैठे थे। उसी टेबल पर जेन्सन की 35 वर्षीय बेटी मैडिसन हुआंग और उनके तत्कालीन मंगेतर और अब पति निको कैप्रेज भी मौजूद थे। ताइवान की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलिस ने जेन्सन के गाल पर किस भी किया। इस दौरान मैडिसन ने अपने मंगेतर से मोबाइल फोन लेकर दोनों की साथ में तस्वीर खींची। खाना खाने के बाद जेन्सन हुआंग और चीन की कथित जासूस एलिस एक ही कार में वहां से रवाना हुए। यह साफ नहीं है कि एनवीडिया के रोबोटिक्स डिवीजन में प्रोडक्ट मार्केटिंग की निदेशक मैडिसन हुआंग को अपने पिता और एलिस हुआंग के रिश्ते की असलियत पता थी या नहीं।
मैडिसन के पति कैप्रेज स्विट्जरलैंड के पूर्व अल्पाइन स्की रेसर हैं। वह भी Nvidia में ग्लोबल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रोथ के वाइस प्रेसिडेंट के पद पर काम करते हैं। वहीं, जेन्सेन हुआंग के 36 वर्षीय बेटे स्पेंसर हुआंग भी कंपनी में कार्यरत हैं।
View this post on Instagram
क्या पारिवारिक जीवन में चल रही थी परेशानी?
नेटईज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरे मामले के सामने आने से कम से कम एक साल पहले ही जेन्सन हुआंग ने अपनी पारिवारिक छवि बनाए रखने के लिए जनसंपर्क कंपनी हेलर की सेवाएं ली थीं। उनकी बेटी मैडिसन भी इस पीआर टीम के लगातार संपर्क में थीं। हालांकि, यह मामला 8 नवंबर को सार्वजनिक हुआ, जब जेन्सन हुआंग ने एनवीडिया की वेबसाइट पर प्रकाशित एक ईमेल में विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की।
जेन्सन ने 8 नवंबर के ईमेल में लिखा, ‘मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की।” उन्होंने अपनी 64 वर्षीय पत्नी लॉरी हुआंग का जिक्र करते हुए कहा, “मेरे इस कदम से उन्हें और हमारे बच्चों को चोट पहुंची है। मैंने जो किया, उसका कोई बहाना नहीं है। मुझे इसका गहरा अफसोस है।’
इसी दिन एनवीडिया कंपनी ने एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि वह इस बात की जांच करेगी कि क्या उसके सह-संस्थापक किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना बने थे। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि एलिस हुआंग को चीन की खुफिया एजेंसी एमएसएस ने एनवीडिया से संवेदनशील तकनीकी जानकारी हासिल करने के लिए अपने साथ जोड़ा था। द न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, जेन्सेन हुआंग पर एनवीडिया की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट 48 वर्षीय किम्बर्ली पॉवेल और कंपनी की एक अन्य अज्ञात कर्मचारी के साथ भी विवाहेतर संबंध होने के आरोप हैं।
मीटिंग में अधिकारियों को गालियां देते थे हुआंग
जेन्सेन हुआंग की सार्वजनिक छवि ऐसी रही है, जिसमें वे अपनी कंपनी के कर्मचारियों को बहुत मानते हैं और अक्सर उन्होंने एनवीडिया की सफलता का श्रेय अपने कर्मचारियों को दिया। लेकिन कंपनी के सीईओ के तौर पर उनकी इस चमकदार छवि के पीछे मीटिंग रूम में उनका व्यवहार कथित तौर पर बिल्कुल अलग था। द पोस्ट की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह अधिकारियों को सबके सामने फटकार लगाते थे, कर्मचारियों को अपमानित करते थे और असहमति जताने पर गुस्से में आ जाते थे।
63 वर्षीय चिप कंपनी के पूर्व प्रमुख का गुस्सैल स्वभाव कर्मचारियों के बीच डर का कारण बना हुआ था। कंपनी की बैठकों में उन्हें सबके सामने फटकार लगाए जाने का डर रहता था। उनका यह व्यवहार उनकी उस दोस्ताना सार्वजनिक छवि से बिल्कुल अलग था, जिसे उन्होंने इंटरव्यू, सार्वजनिक कार्यक्रमों और अपनी खास काली लेदर जैकेट के जरिए बनाया था।
एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसीडेंट को भी लगा चुके फटकार
ऐसी ही एक घटना कथित तौर पर फरवरी में हुई थी। उस दौरान हुआंग ने 30 से ज्यादा वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में कंपनी के तत्कालीन एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट जय पुरी को जमकर फटकार लगाई थी। घटना की जानकारी रखने वाले एक सूत्र के मुताबिक, हुआंग ने पुरी से कहा, ‘मैं उम्मीद करता हूं कि तुम्हें फ्लू हो जाए और तुम्हारी हालत और खराब हो जाए।’ इसके बाद उन्होंने कहा, ‘मैं उम्मीद करता हूं कि तुम मर जाओ और हम सभी को इस परेशानी से छुटकारा मिल जाए।’
रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग कई बार वरिष्ठ कर्मचारियों को उनके सहकर्मियों के सामने फटकार लगा चुके थे। रिपोर्ट में कैलिफोर्निया के सांता क्लारा स्थित एनवीडिया के मुख्यालय की एक घटना का भी जिक्र है। इसमें दावा किया गया है कि एक बैठक के दौरान हुआंग ने कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी पर पानी की बोतल फेंक दी थी। हुआंग का कंपनी की मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) कोलेट क्रेस के साथ भी टकराव हो चुका है। अब क्रेस ही कंपनी की अंतरिम सीईओ पद की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
