रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश)

Hamirpur (himachal) News:ऑनलाइन कारोबार में ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर युवती से 1.80 लाख रुपये ठगे – Young Woman Swindled Out Of Rs 1.80 Lakh After Being Lured With The Promise Of High Profits From An Online Business

November 15, 2026


नादौन (हमीरपुर)। ऑनलाइन कारोबार में अच्छी कमाई का झांसा देकर थाना नादौन के तहत झगरियाल गांव की 29 वर्षीय युवती से 1.80 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। युवती ने कॉलेज के एक पूर्व वरिष्ठ छात्र और उसके साथियों पर धोखाधड़ी कर रकम ऐंठने का आरोप लगाया है।

शिकायत के आधार पर पुलिस थाना नादौन में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार जून 2026 में कॉलेज के एक पूर्व वरिष्ठ छात्र ने उसे अंतरराष्ट्रीय कारोबार से जुड़ने का प्रस्ताव दिया था।

आरोपी ने इसे अमेजन और फ्लिपकार्ट से संबंधित ऑनलाइन काम बताते हुए 30 से अधिक उद्योगों के साथ जुड़ाव और हर महीने अच्छी कमाई होने का दावा किया। युवती ने जब कंपनी का नाम और वेबसाइट मांगी तो आरोपी ने इसे आभासी निजी कारोबार बताया।

इसके लिए लाइसेंस शुल्क, वैश्विक अधिकार और आभासी कार्यालय के नाम पर 1.80 लाख रुपये मांगे गए। युवती ने शुरुआत में रकम देने से मना कर दिया, लेकिन आरोपी ने शुल्क कम करवाने और किस्तों में भुगतान करने का भरोसा देकर उसे राजी कर लिया।

इसके बाद उसके ऑनलाइन साक्षात्कार करवाए गए। इस दौरान कुछ अन्य लोगों ने खुद को कंपनी का अधिकारी बताकर उससे बातचीत की और कंपनी में सीट सुरक्षित रखने के नाम पर जल्द भुगतान करने का दबाव बनाया। इसके बाद युवती ने गूगल पे के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में राशि का भुगतान कर दिया।

शिकायत के मुताबिक 25 जुलाई को उसे प्रशिक्षण के लिए चंडीगढ़ बुलाया गया। वहां कुछ लोगों ने उसे प्रशिक्षण दिया और कारोबार की पूरी जानकारी दिए बिना दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए।

ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल होने के बाद युवती को कारोबार की कार्यप्रणाली पर संदेह हुआ। उसे पता चला कि इसमें नए लोगों को जोड़कर उनसे पैसे लिए जाते हैं।

युवती ने आरोप लगाया कि संदेह होने पर उसने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन कई बार आग्रह करने के बावजूद पैसे नहीं लौटाए गए। उसने 27 अगस्त को संबंधित कंपनी को ईमेल भेजकर भी राशि वापस मांगी, लेकिन भुगतान नहीं हुआ।

कोट

युवती की शिकायत के आधार पर थाना नादौन में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। किसी भी ऑनलाइन कारोबार से जुड़ने से पहले उसकी पूरी पड़ताल जरूर करें। -बलबीर ठाकुर, एसपी हमीरपुर

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X