Hamirpur (himachal) News:किसानों का इंतजार खत्म, दो दिन में हमीरपुर पहुंचेगा आलू का बीज – The Wait Is Over For Farmers; Potato Seeds Will Reach Hamirpur In Two Days
हमीरपुर। जिले के किसानों को आलू की बिजाई के लिए अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। कृषि विभाग की ओर से मंगवाए गए 115.5 क्विंटल आलू के बीज का सप्लाई ऑर्डर जारी हो गया है। अगले दो दिन के भीतर बीज की खेप हमीरपुर पहुंचने की उम्मीद है।
इसके बाद इसे जिले के विभिन्न कृषि विक्रय केंद्रों में उपलब्ध करवाया जाएगा, जहां से किसान आसानी से बीज खरीद सकेंगे। हालांकि, अभी तक आलू के बीज की कीमत निर्धारित नहीं हुई है। कृषि विभाग की ओर से दाम तय किए जाने के बाद ही इसकी बिक्री शुरू होगी।
विभाग ने किसानों की जरूरत को देखते हुए 115.5 क्विंटल बीज की मांग भेजी थी। इससे पहले भी कृषि विभाग किसानों को गेहूं सहित विभिन्न फसलों के बीज उपलब्ध करवा चुका है।
विभाग का प्रयास है कि किसानों को उच्च गुणवत्ता वाला बीज उचित दामों पर मिले, ताकि बिजाई के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। कृषि विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक डीडी शर्मा ने बताया कि आलू के बीज का सप्लाई ऑर्डर जारी हो चुका है और जल्द ही इसकी खेप जिले में पहुंच जाएगी। बीज को कृषि विक्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों तक पहुंचाया जाएगा।
