Meerut News:मायके में विवाहिता और उसके भाई पर हमला – Married Woman And Her Brother Attacked At Her Maternal Home
– पति पर दहेज उत्पीड़न, घर से निकालने और साथियों के साथ हमला करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना (मेरठ)। जगमोहन नगर में मायके में रह रही विवाहिता और उसके भाई पर हमला करने किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाहिता का पति अपने चार साथियों के साथ लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर उसके मायके पहुंचा और मारपीट कर दी। बहन को बचाने आए भाई पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसका हाथ में गहरा घाव हो गया। पीड़िता ने पति समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
जगमोहन नगर निवासी गुलफशा ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले उसकी शादी मुजफ्फरनगर के सावली खालापार निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में दिए गए दहेज से पति खुश नहीं था और आए दिन उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट करता था। करीब दो माह पहले पति ने दहेज की मांग को लेकर उसके साथ लात-घूंसों और डंडे से मारपीट की तथा बुलेट बाइक, जेवर और एक लाख रुपये लेकर उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद से वह मायके में रह रही है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि शनिवार शाम उसका पति तीन अज्ञात लोगों के साथ लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर मायके पहुंचा। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। भाई सुहैल ने बचाने का प्रयास किया तो उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ में चोट आई और हाथ कट गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़िता ने भाई का मेडिकल परीक्षण कराने और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
