सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
तकनीक:महज आठ सेकंड में जहरीली गैस के रिसाव का पता लगाएगा एनआईटी हमीरपुर का देसी सेंसर, लागत भी काफी कम – Indigenous Sensor From Nit Hamirpur To Detect Toxic Gas In Eight Seconds
हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश)

तकनीक:महज आठ सेकंड में जहरीली गैस के रिसाव का पता लगाएगा एनआईटी हमीरपुर का देसी सेंसर, लागत भी काफी कम – Indigenous Sensor From Nit Hamirpur To Detect Toxic Gas In Eight Seconds

November 16, 2026


औद्योगिक इकाइयों में गैस रिसाव बड़े हादसों की वजह बन सकता है। खनन उद्योग में इसका खतरा सर्वाधिक रहता है। ऐसे खतरों से समय रहते आगाह करने के लिए एनआईटी हमीरपुर के विद्यार्थियों ने उन्नत गैस सेंसर और निगरानी प्रणाली विकसित की है। यह सेंसर आठ सेकंड से भी कम समय में जहरीली गैस की मौजूदगी का संकेत दे सकता है। 

खास बात यह है कि यह एक साथ अमोनिया और हाइड्रोजन ऑक्साइड की पहचान कर सकता है। इसकी अनुमानित लागत करीब 15 हजार रुपये है। बाजार में एक गैस की पहचान करने वाले सेंसर की कीमत ही 20 से 25 हजार रुपये तक है। वहीं, मौजूदा सेंसर को संकेत देने में 15 से 30 सेकंड लगते हैं।

एनआईटी के रासायनिक इंजीनियरिंग विभाग के बीटेक तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों शिवम यादव और गोबिंद प्रजापति, निखिल और नवीन ने यह तकनीक विकसित की है। इसके लिए कोबाल्ट और वैनेडियम पेंटोक्साइड से विशेष नैनो सामग्री तैयार की गई है। इसकी बेहद पतली परत लचीले पॉलिमर आधार पर चढ़ाई गई है। पिछले माह एनआईटी में शिक्षा महाकुंभ में टीम ने इस नवाचार का प्रदर्शन किया था। इसे सर्वश्रेष्ठ नवाचारों की सूची में भी जगह मिली। एनआईटी हमीरपुर के निदेशक प्रो. एचएम सूर्यवंशी ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को नवाचार के लिए प्रेरित कर रहा है।

सेंसर ऐसे पकड़ेगा गैस का रिसाव

सामान्य हवा में मौजूद ऑक्सीजन सेंसर की सतह पर जमा रहती है। इससे उसका विद्युत प्रतिरोध एक निश्चित स्तर पर बना रहता है। जैसे ही संबंधित गैस सेंसर के संपर्क में आती है, सतह पर रासायनिक प्रतिक्रिया होती है। इससे विद्युत प्रतिरोध बदल जाता है। सेंसर इस बदलाव को विद्युत संकेत में बदलता है। माइक्रोकंट्रोलर इन संकेतों को दर्ज कर कंप्यूटर तक पहुंचाता है। इससे गैस की मौजूदगी और उसकी मात्रा का आकलन किया जा सकता है। गैस हटने पर सेंसर फिर सामान्य स्थिति में लौट आता है। 

डोपिंग बदलकर अन्य हानिकारक गैसों की पहचान करना भी संभव

इस तकनीक की खासियत है कि कोबाल्ट की डोपिंग में बदलाव कर सेंसर की पहचान क्षमता बदली जा सकती है। इससे इसे जरूरत के अनुसार दूसरी हानिकारक गैसों की पहचान के लिए भी विकसित किया जा सकेगा। सेंसर कम तापमान पर काम कर सकता है, जिससे बिजली की खपत भी कम होगी।

भोपाल जैसी गैस त्रासदी रोकने  में साबित हो सकता है मददगार 

दिसंबर 1984 की भोपाल गैस त्रासदी ने औद्योगिक सुरक्षा की गंभीरता उजागर की थी। ऐसे हादसों में जहरीली गैस के रिसाव का समय रहते पता चलना बेहद जरूरी है। इस तकनीक को औद्योगिक इकाइयों की निगरानी व्यवस्था से जोड़ने पर रिसाव का शुरुआती संकेत मिल सकता है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X