Balrampur News:संस्कृत बोर्ड की परीक्षा का कार्यक्रम जारी, नौ से 19 फरवरी तक चलेंगी परीक्षाएं – Sanskrit Board Examination Schedule Released; Exams To Be Held From February 9 To 19
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं नौ फरवरी 2027 से शुरू होकर 19 फरवरी तक चलेंगी। पूर्व मध्यमा (कक्षा 10), उत्तर मध्यमा प्रथम खंड (कक्षा 11) और उत्तर मध्यमा द्वितीय खंड (कक्षा 12) की परीक्षाओं में जिले के कुल 174 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने बताया कि पहली पाली की परीक्षा सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी।
पूर्व मध्यमा की परीक्षा नौ फरवरी को अनिवार्य संस्कृत, 10 फरवरी को सामाजिक विज्ञान, 12 फरवरी को हिंदी, पालि, प्राकृत व नेपाली और 13 फरवरी को विज्ञान, वाणिज्य व पौरोहित्य विषयों की होगी। 17 फरवरी को अंग्रेजी और 19 फरवरी को गणित, गृह विज्ञान, कंप्यूटर, इतिहास, पुराण एवं संस्कृति की परीक्षा पहली पाली में कराई जाएगी।
उत्तर मध्यमा प्रथम खंड की परीक्षा नौ फरवरी को अनिवार्य संस्कृत और 10 फरवरी को भौतिक विज्ञान, व्यवसाय प्रबंधन, समाजशास्त्र व राजनीति विज्ञान विषयों की होगी। 12 फरवरी को हिंदी, 13 फरवरी को शिक्षा शास्त्र, कंप्यूटर विज्ञान, भूगोल व इतिहास, 16 फरवरी को अर्थशास्त्र व रसायन विज्ञान तथा 17 फरवरी को गणित व जीव विज्ञान की परीक्षा होगी। 18 फरवरी को अंग्रेजी और 19 फरवरी को लेखाशास्त्र का पेपर होगा। ये सभी परीक्षाएं पहली पाली में आयोजित की जाएंगी।
उत्तर मध्यमा द्वितीय खंड की परीक्षा नौ फरवरी को अनिवार्य विषय, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, पौरोहित्य व गृह विज्ञान की होगी। 12 फरवरी को हिंदी, 13 फरवरी को शिक्षा शास्त्र, कंप्यूटर विज्ञान, भूगोल व इतिहास तथा 16 फरवरी को संस्कृतशास्त्रम, जैनागम, आयुर्वेद, अर्थशास्त्र व रसायन विज्ञान की परीक्षा होगी। 17 फरवरी को गणित व जीव विज्ञान और 18 फरवरी को अंग्रेजी का पेपर होगा। ये सभी परीक्षाएं दूसरी पाली में आयोजित की जाएंगी।
डीआईओएस मृदुला आनंद ने बताया कि पूर्व मध्यमा में 82, उत्तर मध्यमा प्रथम खंड में 57 और उत्तर मध्यमा द्वितीय खंड में 35 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
