16 नवंबर: करतार सिंह सराभा ने हंसते-हंसते चूमा था फांसी का फंदा, 19 साल के वो युवा जिन्हें आदर्श मानते थे भगत सिंह
करतार सिंह सराभा ने हंसते-हंसते चूमा था फांसी का फंदा, भगत सिंह मानते थे आदर्श
Last Updated:
भगत सिंह के आदर्श करतार सिंह सराभा को आज के दिन ही 1915 में फांसी दी गई थी. उन्हें पहले लाहौर षड्यंत्र केस का दोषी पाया गया था. ट्रायल के दौरान करतार सिंह ने इसे अपने ऊपर लगाए गए राजद्रोह के आरोप को गलत बताया था. उनका कहना था कि हर गुलाम को विद्रोह करने का अधिकार है.
करतार सिंह सराभा ने 19 साल की उम्र में ही देश पर अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे.
पहले लाहौर षड्यंत्र केस के दोषी माने गए क्रांतिकारियों को जब फांसी के लिए लाया गया तो अंग्रेज अफसर हैरान रह गए. इनमें एक 19 साल का युवा क्रांतिकारी भी था. जो फांसी के फंदे को चूमते वक्त भी मुस्कुरा रहा था. जो सिर्फ अपना बयान बदलकर ही खुद को बचा सकता था. मगर उसने ऐसा करना मुनासिब न समझा. हंसते-हंसते देश पर जान कुर्बान करने वाले इस युवा का नाम था करतार सिंह सराभा, जिन्हें भगत सिंह अपना आदर्श मानते थे. आज के दिन ही 16 न्वंबर 1915 को करतार सिंह को फांसी के तख्ते पर चढ़ाया गया था.
PIB की एक रिपोर्ट के मुताबिक करतार सिंह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के उन क्रांतिकारियों में शामिल थे जिन्होंने बेहद कम उम्र में अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी. अपनों के धोखा देने की वजह से जब अंग्रेजों ने उन्हें पकड़ा और राजद्रोह का आरोप लगाया तो करतार सिंह ने कोई भी वकील लेने से मना कर दिया. उन्होंने कहा कि ये षड्यंत्र नहीं बल्कि हमारा अधिकार है.
करतार सिंह ने भरी अदालत ने कहा था कि हर गुलाम को विद्रोह करने का पूरा अधिकार है. अपनी मातृभूमि के बुनियादी अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाना अपराध कैसे हो सकता है. करतार सिंह इस बयान पर जज ने खुद उनसे कहा था कि बयान बदल लो, नहीं तो भयानक परिणाम होगा. इस पर सराभा ने निभर्ीकता से कहा था कि आप मुझे ज्यादा से ज्यादा सिर्फ फांसी दे सकते हैं, जिससे मैं नहीं डरता.
कौन थे करतार सिंह सराभा
करतार सिंह सराभा का जन्म 24 मई 1896 को पंजाब के लुधियाना जिले के सराभा गांव में हुआ था. उनके पिता का नाम मंगल सिंह और माता का नाम साहिब कौर था. बचपन में ही उनके पिता का निधन हो गया था. दादा ने उनका पालन पोष्ज्ञण किया. शुरुआती पढ़ाई के बाद वह हायर एजुकेशन के लिए अमेरिका गए. 1912 में महज 16 साल की उम्र अमेरिका जाकर उन्होंने विदेश में भारतीयों के साथ हो रहा नस्लीय भेदभाव देखा. यहीं वह किसी तरह भारतीय स्वतंत्रता के लिए काम कर रहे क्रांतिकारियों के संपर्क में आए.
गदर पार्टी से जुड़े
1913 में क्रांतिकारियों ने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में गदर पार्टी की स्थापना की. इसका मकसद भारत को ब्रिटिश शासन से मुक्त कराना था. लाल हरदयाल, सोहन सिंह भकना और करतार सिंह सराभा इस दल के प्रमुख चेहरे थे. यहां क्रांतिकारियों ने एक गदर नाम से अखबार भी निकाला. इसका मकसद भारतीयों में देशीाक्ति की भावना जगाना था.
प्रथम विश्व में भारत लौटे
1914 में जब फर्स्ट वर्ल्ड वॉर शुरू हुआ तो गदर पार्टी के नेताओं को लगा कि ब्रिटेन युद्ध में उलझा है. यह भारत को आजाद कराने का सही मौका है. 1914 में करतार सिंह सराभा भारत लौट आए. उन्होंने पंजाब में क्रांतिकारियों का नेटवर्क तैयार किया और एक विद्रोह का प्लान बनाया. इसी दौरान वह रास बिहारी बासे, विष्णु गणेश पिंगले के संपर्क में आए.
क्या था पहला लाहौर षड्यंत्र केस
गदर पार्टी ने योजना बनाई. 21 फरवरी 1915 को एक बड़े विद्रोह के साथ मियां मीर और फिरोजपुर की सैन्य छावनियों पर कब्जा करना था. इसके साथ ही विद्रोह को देश के दूसरे हिस्सों में फैलाना था. क्रांतिकारियों के बीच से ही किसी ने इस प्लान को लीक कर दिया. पंजाब में बड़े पैमाने पर लोगों की गिरफ्तारियां शुरू हो गईं.
करतार सिंह बच निकले मगर उन्होंने योजना को नहीं छोड़ा 2 मार्च 1915 को वह सरगोधा की 22वीं कैवेलरी के भारतीय सैनिकों को विद्रोह के लिए तैयार करने पहुंचे. यहां करतार सिंह को पकड़ लिया गया और मुकदमा शुरू हुआ. आखिरकार उन्हें लाहौर षड्यंत्र केस का दोषी माना गया और 16 नवंबर 1915 को फांसी पर चढ़ा दिया गया.

मैं इस समय News18 App टीम का हिस्सा हूं. इससे पहले मैंने, अमर उजाला, हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित अखबारों में काम किया है. साथ ही टाइम्स नाउ, जागरण और टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट में राजनीति, इतिहास, शिक्षा, साहित्…
और पढ़ें
