सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हिसार

शादी-विवाह में हर्ष फायरिंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई :एसपी – Strict Action Will Be Taken Against Those Who Fire In Weddings: Sp

November 16, 2026


हांसी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने शादी-विवाह, जन्मदिन और अन्य खुशी के समारोहों में हर्ष फायरिंग पर रोक लगाने के लिए एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने चेतावनी दी कि समारोहों में हथियारों से फायरिंग करना न केवल खतरनाक है बल्कि कानून का उल्लंघन भी है। हर्ष फायरिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हथियार का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

एसपी ने कहा कि कई लोग खुशी जाहिर करने के लिए शादी-विवाह और अन्य समारोहों में लाइसेंसी हथियारों से हवाई फायरिंग करते हैं। उन्हें समझना चाहिए कि हवा में चलाई गई गोली भी जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसी लापरवाही से किसी निर्दोष की जान जा सकती है या वह गंभीर रूप से घायल हो सकता है। कुछ क्षणों की लापरवाही किसी परिवार की खुशियों को मातम में बदल सकती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि हथियार का लाइसेंस होने का अर्थ सार्वजनिक स्थानों या समारोहों में हर्ष फायरिंग की अनुमति होना नहीं है। एसपी ने आमजन से अपील की कि शादी-विवाह और अन्य समारोहों में किसी भी प्रकार की हर्ष फायरिंग न करें तथा खुशी के अवसरों पर हथियारों का प्रदर्शन करने से बचें। लाइसेंसी हथियारों का इस्तेमाल निर्धारित नियमों और कानूनी शर्तों के अनुसार ही करें। समारोह आयोजकों और मैरिज पैलेस संचालकों से भी ऐसी गतिविधियों को रोकने में सहयोग करने की अपील की। कहीं हर्ष फायरिंग की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

उन्होंने कहा कि हांसी पुलिस आमजन की जान-माल की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सभी नागरिक कानून का पालन करते हुए खुशी के अवसरों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। हर्ष फायरिंग खुशी का इजहार नहीं बल्कि दूसरों की जिंदगी के लिए गंभीर खतरा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X