शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
राजौरी

Rajouri News:राजोरी में बड़ी वारदात की फिराक में थे आतंकी, गुफा में छिपाया था गोला-बारूद – Terrorists Were Planning A Major Attack In Rajouri; They Had Stashed Ammunition In A Cave

October 29, 2026


पुलिस और सेना ने संयुक्त अभियान चलाकर जंगल में आतंकियों का ठिकाना ध्वस्त किया

संवाद न्यूज एजेंसी

राजोरी। जम्मू-कश्मीर के राजोरी जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकियों के एक बड़े और घातक मंसूबे को नाकाम किया है। कोटरंका के डोबा गली के घने जंगलों में आतंकियों ने एक ठिकाने पर भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जमा कर रखा था। अंदेशा जताया जा रहा है कि आतंकी राजोरी जिले या आसपास के इलाकों में किसी बड़े हमले अथवा सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की फिराक में थे।

पुलिस को इनपुट मिले थे कि आतंकियों ने डोबा गली के दूरदराज जंगल क्षेत्र में एक ठिकाना बना रखा था। खुफिया सूचना मिलते ही पुलिस ने सेना के जवानों के साथ जंगल में तलाशी अभियान चलाया। इस दाैरान एक जगह आतंकी ठिकाना होने का शक हुआ। इसके बाद सावधानी से इसकी तलाशी ली गई। यहां आतंकियों ने गुफा में हथियार छिपाए थे। ठिकाने की तलाशी ली गई तो इसमें अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर के 4 ग्रेनेड, 3 शक्तिशाली हैंड ग्रेनेड, असॉल्ट राइफल के 237 कारतूस, जनरल पर्पज मशीन गन (जीपीएमजी) के 101 बेल्टेड कारतूस और पिस्तौल के 16 कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा एक एके राइफल का बेयोनेट, एक बैग और चादर भी मिली है।

——–

छिपने के लिए भी इस्तेमाल करते थे आतंकी

सूत्रों के अनुसार ठिकाना बनी गुफा को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि आतंकी इसका इस्तेमाल रुकने के लिए करते थे। इसके अलावा गोला-बारूद रखने और दूसरी जगह सप्लाई करने के लिए भी इसका इस्तेमाल हो रहा था। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पूरे इलाके को सील कर सघन तलाशी ऑपरेशन जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X