सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Chandigarh News:छठी मैया के जयकारों से गूंजे घाट, अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य – Riverbanks Resounded With Chants In Honor Of Chhathi Maiya; *arghya* (offerings) Were Made To The Setting Sun
चंडीगढ़

Chandigarh News:छठी मैया के जयकारों से गूंजे घाट, अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य – Riverbanks Resounded With Chants In Honor Of Chhathi Maiya; *arghya* (offerings) Were Made To The Setting Sun

November 16, 2026


न्यू लेक पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, पारंपरिक गीतों और रोशनी से जगमगाए घाट

आज उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा व्रत का पारण

संवाद न्यूज एजेंसी

चंडीगढ़। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ रविवार को शहर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सेक्टर-42 स्थित न्यू लेक के अलावा बहलाना, हल्लोमाजरा, रामदरबार, सेक्टर-47, मलोया, इंदिरा कॉलोनी, धनास, दड़वा और विकास नगर में आयोजन हुए। व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। साष्टांग दंडवत करते हुए श्रद्धालु न्यू लेक पहुंचे, जहां भारी भीड़ रही।

दोपहर तीन बजे से ही महिलाएं और पुरुष पूजा सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचने लगे। सिर पर दउरे और हाथों में फल, ठेकुआ व प्रसाद लेकर श्रद्धालु छठ घाट पहुंचे। पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन ने भव्य पंडाल सजाया और पूरे घाट को रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग किया। पारंपरिक वेशभूषा में व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य दिया। छठी मैया के जयकारों और लोकगीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

एसोसिएशन अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि महापर्व के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। घाट पर राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी पहुंचकर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

बॉक्स | कई प्रमुख हस्तियां पहुंचीं, आज होगा व्रत का पारण

एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष पंकज यादव के अनुसार, न्यू लेक पर एडिशनल सॉलिसीटर और पूर्व सांसद सत्यपाल जैन, सांसद मनीष तिवारी, कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा, पूर्व मेयर देवेश मोदगिल और आप नेता एवं पार्षद हरदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पदाधिकारी राजेंद्र सिंह, यूके सिंह, बीके सिंह, भोला राय और राजू गोबिंद राव व्रतियों के स्वागत में जुटे रहे।

सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण होगा। घाटों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। हालांकि, न्यू लेक के आसपास सड़कों पर वाहनों की कतारें लगी रहीं और अर्घ्य के बाद जाम की स्थिति बन गई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X