सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Udhampur News:शादियों के सीजन ने बाजारों में बढ़ाई रौनक, लहंगे से लेकर मेहंदी और गहनों तक की खरीदारी तेज – Jammu Kashmir News
उधमपुर

Udhampur News:शादियों के सीजन ने बाजारों में बढ़ाई रौनक, लहंगे से लेकर मेहंदी और गहनों तक की खरीदारी तेज – Jammu Kashmir News

November 16, 2026


उधमपुर। शादियों का सीजन शुरू होते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। सुबह से लेकर शाम तक बाजारों में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। शादी समारोहों की तैयारियों को लेकर लोग लहंगे, डिजाइनर सूट, गहने, मेहंदी और मेकअप की बुकिंग करवाने में जुटे हुए हैं। बाजार में सबसे अधिक चहल-पहल कपड़ों की दुकानों, स्वर्णकारों और मेहंदी लगाने वालों के पास देखने को मिल रही है।

शादी समारोहों में दुल्हन के लुक को खास बनाने के लिए युवतियां और महिलाएं अपनी पसंद के लहंगे और डिजाइनर सूट खरीद रही हैं। बाजार में लहंगों की कीमत करीब छह हजार रुपये से शुरू होकर 15 हजार रुपये तक पहुंच रही है। इसके अलावा अलग-अलग डिजाइन और बजट के अनुसार सूट भी उपलब्ध हैं।

वहीं, मेहंदी लगवाने के लिए भी महिलाओं और युवतियों की भीड़ उमड़ रही है। मेहंदी लगाने वालों के पास एक हाथ की मेहंदी के लिए करीब 100 रुपये तक लिए जा रहे हैं। दुल्हन की मेहंदी के लिए भी 2100 रुपये से डिजाइन शुरू हो गए हैं। शादियों के सीजन का असर स्वर्णकारों की दुकानों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। शादी में दुल्हन के लिए सोने-चांदी के आभूषण खरीदने के लिए लोग दुकानों पर पहुंच रहे हैं। ग्राहक अपनी पसंद के डिजाइन के साथ बजट के अनुसार गहनों की खरीदारी कर रहे हैं। दूसरी ओर, ब्यूटी और मेकअप कारोबार में भी तेजी देखने को मिल रही है। दुल्हनों के मेकअप के लिए मेकअप आर्टिस्ट के पास बुकिंग शुरू हो चुकी है। खास बात यह है कि अभी से मार्च में होने वाली शादियों के लिए भी लोग मेकअप की तारीख बुक करवा रहे हैं। ऐसे में शादी की तारीख तय होते ही लोग कपड़ों और गहनों की खरीदारी के साथ मेकअप और मेहंदी की बुकिंग भी पहले से करवा रहे हैं।

कोट

शादियों का सीजन शुरू होते ही मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं की संख्या बढ़ गई है। एक हाथ की मेहंदी लगाने के करीब 100 रुपये लिए जा रहे हैं। दुल्हन की मेहंदी के लिए भी लोग पहले से बुकिंग करवा रहे हैं।- शाम लाल, मेहंदी आर्टिस्ट

शादी के लिए लहंगों की काफी मांग है। बाजार में छह हजार रुपये से लेकर 15 हजार रुपये तक के लहंगे उपलब्ध हैं। ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार डिजाइन पसंद कर रहे हैं।

– सोनाली गुप्ता, दुकानदार

ब्राइडल मेकअप के लिए अभी से बुकिंग आनी शुरू हो गई है। मार्च में होने वाली शादियों के लिए भी लोग पहले से तारीख बुक करवा रहे हैं। शादी के सीजन में पसंदीदा तारीख पर समय मिलना मुश्किल हो सकता है।

– मीनाक्षी, मेकअप आर्टिस्ट

शादियों के चलते सोने-चांदी के गहनों की खरीदारी के लिए ग्राहक दुकानों पर पहुंच रहे हैं। दुल्हन के लिए पारंपरिक और नए डिजाइन के आभूषण पसंद किए जा रहे हैं।

– चमन लाल, व्यापारी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X