कछौना कोतवाली क्षेत्र के लोन्हारा के मजरा कोड़री में कच्ची दीवार गिर जाने से दादी और पोती मलबे में दब गईं। घटना में पोती की मौत हो गई। दादी को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कोड़री निवासी राजेंद्र की पत्नी उर्मिला (50) सोमवार सुबह अपनी पोती पायल (5) के साथ घर में ही थीं। इसी दौरान मकान की एक कच्ची दीवार भरभराकर दोनों पर गिर गई। मलबे में उर्मिला और पायल दब गईं।
दीवार गिरने की आवाज सुनकर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाया। मलबे से निकाले जाने पर पायल की मौत हो चुकी थी, जबकि उर्मिला गंभीर रूप से घायल थी। परिजन आनन-फानन ही उर्मिला को एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। यहां गंभीर हालत में उनका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। मृतका एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा एक की छात्रा थी। कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।