इकदिल। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार देर शाम गांव मनियामऊ के पास लक्ष्मी ढाबा के सामने तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि दोनों युवक बाइक से औरैया से इटावा की ओर आ रहे थे। सोमवार देर शाम मनियामऊ के पास लक्ष्मी ढाबा के सामने पीछे से आए किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान मोहम्मद सावरन (23) निवासी गुरूहाई सराय, औरैया के रूप में हुई।
वहीं, घायल साथी की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घायल युवक के साथ ही मृतक के परिजनों की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।(संवाद)