Amritsar News:गुरु बाजार में बच्चों से जबरन करवाई जा रही मजदूरी, पिटाई का वीडियो वायरल – A Video Of Children Being Forced To Work And Beaten In Guru Bazaar Goes Viral
बाल कल्याण समिति ने लिया संज्ञान, पुलिस को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिखकर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। गुरु बाजार में जरूरतमंद बच्चों से जबरन मजदूरी करवाने और विरोध करने पर उनकी पिटाई का मामला सामने आया है। सामाजिक मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने बाल श्रम और बच्चों के शोषण को उजागर किया है। इसमें एक बच्चे के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि कुछ लोग जरूरतमंद बच्चों को अपने साथ लाकर उनसे मजदूरी करवाते हैं। काम करने से मना करने पर उनके साथ मारपीट भी की जाती है।
वीडियो सामने आने के बाद बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई ने मामले का संज्ञान लिया है। बाल कल्याण समिति के प्रीजाइडिंग मेंबर एडवोकेट एमके शर्मा ने थाना ई-डिवीजन पुलिस को घटना की जानकारी दी है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को कहा है। एडवोकेट शर्मा के अनुसार इस काम में दो लोग शामिल बताए जा रहे हैं। एक व्यक्ति बच्चों को तलाशकर लाता है, जबकि दूसरा गुरु बाजार में उनसे मजदूरी करवाता है।
कानूनन प्रतिबंधित बाल श्रम
एडवोकेट शर्मा ने बताया कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से मजदूरी करवाना कानूनन प्रतिबंधित है। बच्चों को शिक्षा के अधिकार से वंचित करना एक गंभीर अपराध है। उनसे जबरन काम करवाना भी कानून का उल्लंघन है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर बच्चों का शोषण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
– फोटो
