कटरा। बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती में सोमवार को वियतनाम से आए अनुयायियों के 60 सदस्यीय दल ने बौद्ध भिक्षु भंवरानंद के नेतृत्व में बोधि वृक्ष का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान बौद्ध सभा का आयोजन भी किया गया। सभा में भिक्षु भंवरानंद ने कहा कि तथागत बुद्ध चेतना के सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिक थे। उन्होंने मानवीय चेतना पर शोध के निष्कर्ष मनुष्यता को सौंपे। प्राणी अपने कर्मों के अनुसार पुण्य और पाप अर्जित करता है। जगत में मनुष्यों का वर्गीकरण उनके कर्मों तथा सुगति-दुर्गति के आधार पर होता है। पुण्यहीन व्यक्ति के जीवन में अविद्या, अज्ञानता, मिथ्या धारणाएं और गरीबी होती है। ऐसे लोग दुराचरण करते हैं और क्रोध-द्वेष रखते हुए अपने दुखों के लिए दूसरों को जिम्मेदार ठहराते हैं।