बदायूं। अवैध पैथोलॉजी लैब के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को अभियान चलाया। बिल्सी में एक मेडिकल स्टोर के बेसमेंट में पैथोलॉजी लैब संचालित मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर लैब को सील कर दिया। वहीं, उघैती में बिना पंजीकरण संचालित प्रज्ञा पैथोलॉजी को भी सील कर दिया गया। दोनों संचालकों को नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर जवाब मांगा गया है।
शासन के निर्देश पर एसीएमओ डॉ. श्रीमोहन झा, डिप्टी सीएमओ डॉ. पवन जायसी और लिपिक नितिन यादव ने दोनों स्थानों पर छापामार कार्रवाई की। टीम ने लैब के संचालन से संबंधित अभिलेख और पंजीकरण की जांच की। जांच में अनियमितताएं मिलने पर दोनों लैब को सील करने की कार्रवाई की गई।
सीएमओ डॉ. विकास शर्मा ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण लैब संचालित करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।