Kotdwar News:शतरंज में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकी कोटद्वार की काया ध्यानी – Kaya Dhyani Of Kotdwar Shines At The International Level In Chess
कोटद्वार। कोटद्वार की होनहार खिलाड़ी काया ध्यानी शतरंज की दुनिया में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही है। मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित प्रथम कॉमनवेल्थ स्कूल शतरंज चैंपियनशिप में अंडर-11 बालिका वर्ग में काया ने रैपिड शतरंज में रजत और क्लासिकल शतरंज में कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में कोटद्वार के होटल ग्रैंड कैलाश में आयोजित कार्यक्रम में विस अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में काया की उपलब्धियों को सराहा गया और उन्हें और उनके माता-पिता को शुभकामनाएं दी गईं। काया के पिता पंकज ध्यानी ने अपनी जन्मभूमि कोटद्वार में अपनों के बीच बेटी को मिला स्नेह, आशीर्वाद और प्रोत्साहन उनके परिवार के लिए गर्व और भावुकता का क्षण है।
काया की शतरंज यात्रा की शुरुआत करीब तीन वर्ष पहले घर में खेल-खेल में हुई थी। वर्ष 2025 में गुवाहाटी में आयोजित नेशनल स्कूल चेस चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के बाद उन्होंने देश के शीर्ष 50 खिलाड़ियों में जगह बनाई। इसके बाद अगस्त 2026 में कर्नाटक के मंगलुरु में आयोजित नेशनल अंडर-11 चेस चैंपियनशिप में भी काया ने शीर्ष 50 खिलाड़ियों में स्थान हासिल किया। इस प्रदर्शन के आधार पर उसका चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ।
अक्टूबर 2026 में मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित कॉमनवेल्थ स्कूल चेस चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ी के रूप में प्रतिभाग कर काया ने दो पदक अपने नाम किए। अब काया का लक्ष्य शतरंज की प्रतिष्ठित वुमेन ग्रैंडमास्टर (डब्ल्यूजीएम) उपाधि हासिल करना है।
