Farrukhabad News:छह सफाई कर्मचारी निलंबित, प्रधान व सचिव को नोटिस – Six Sanitation Workers Suspended; Notices Issued To The Village Head (pradhan) And The Secretary
फर्रुखाबाद। सफाई व्यवस्था बदहाल मिलने और दूसरे व्यक्ति से सफाई कराने के मामले में डीपीआरओ ने छह सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया। उन्होंने ग्राम पंचायत सोता बहादुरपुर के सचिव व प्रधान/प्रशासक को नोटिस दिया है।
डीपीआरओ अविनाश चंद चौरसिया ने बताया कि उन्होंने ग्राम पंचायत पपियापुर का निरीक्षण किया। इस दौरान गांव में सफाई कर्मी साधना मौजूद नहीं थीं। उनके स्थान पर रामजीत नाम के व्यक्ति को आठ हजार रुपये प्रति माह पर सफाई कार्य के लिए लगाया गया था। सचिव व एडीओ ने भी इस बात की पुष्टि की। उन्होंने सफाई कर्मी साधना को निलंबित कर राजेपुर ब्लॉक कार्यालय से संबद्ध कर दिया है।
इसके अलावा शहर से सटी गंगा तटवर्ती ग्राम पंचायत सोताबहादुरपुर में आठ सफाई कर्मी तैनात हैं। पांचालघाट से कैंट तक गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने सफाई कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने सफाई कर्मी उर्मिला, संगीता, विजय, गीता व राजकुमार को निलंबित कर दिया है। साथ ही उन्होंने सोमवार को पांचालघाट पुल से कैटोंमेंट रोड तक निरीक्षण किया तो जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे मिले। अधिकांश सफाई कर्मी अनुपस्थित थे।
डीपीआरओ ने घाट परिसर की सफाई न कराने, घाट पर पर्याप्त लाइट व साउंड व्यवस्था के साथ कूड़ा निस्तारण न कराने के मामले में सचिव अशोक कुमार व प्रधान/प्रशासक तमन्ना को नोटिस दिया है। एक सप्ताह में संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
