मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
दिल्ली एनसीआर

Delhi Ncr News:विदेशी मेहमानों को भा रहा भारत का डिजिटल भुगतान मॉडल – Digital Payment Model Is Proving Popular With Foreign Visitors

November 17, 2026


सनी सिंह

नई दिल्ली।

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में भारतीय उत्पादों के साथ देश का डिजिटल भुगतान मॉडल भी विदेशी मेहमानों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। भारत मंडपम में लगे देशी और विदेशी मंडपों में खरीदारी के दौरान जगह-जगह लगे क्यूआर कोड भारत में बदलते कारोबारी तौर-तरीकों की झलक दिखा रहे हैं। छोटी से छोटी खरीदारी के लिए भी यूपीआई से चंद सेकंड में भुगतान की सुविधा विदेशी आगंतुकों को खासा प्रभावित कर रही है।

मेले में थाईलैंड, घाना, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात और अफगानिस्तान समेत कई देशों के कारोबारी व प्रतिनिधि पहुंचे हैं। वे यहां भारतीय उत्पादों की विविधता और बाजार की संभावनाओं को समझने के साथ डिजिटल भुगतान की व्यवस्था को भी करीब से देख रहे हैं। खास बात यह है कि क्यूआर कोड से भुगतान अब केवल बड़े शोरूम तक सीमित नहीं है, बल्कि छोटे दुकानदार और स्टॉल संचालक भी इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।

मेले के हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में नए कारोबार को सफल बनाने के व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा हुई। इसमें आईटीपीओ के प्रबंध निदेशक डॉ. नीरज खरवाल ने कहा कि केवल पूंजी जुटा लेना किसी स्टार्टअप की सफलता की गारंटी नहीं है। कारोबार शुरू करने से पहले बाजार की मांग, ग्राहकों की जरूरत, लागत और प्रतिस्पर्धा का विश्लेषण करना जरूरी है। सही मार्गदर्शन से उद्यमी गलत फैसलों से बच सकते हैं और अपने कारोबार को टिकाऊ बना सकते हैं।

वहीं, टीआईई (द इंडस एंटरप्रेन्योर्स) दिल्ली-एनसीआर के चेयरमैन अतुल धवन ने भी कारोबार में विश्लेषण और बाजार की समझ को महत्वपूर्ण बताया। चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि अनुभवी मेंटर्स नए उद्यमियों को रणनीति तैयार करने, निवेश का सही समय पहचानने और संभावित गलतियों से बचने में मदद कर सकते हैं।

विदेशी मेहमानों की जुबानी

भारतीय उत्पादों की विविधता के साथ यहां खरीदारी की तेज प्रक्रिया भी काफी अच्छी है। ऐसी सुविधा हमारे देश में भी हो तो क्या ही कहने!- हाजी मुस्तफा, अफगानिस्तान

भारत में छोटी दुकानों पर भी क्यूआर कोड से रकम चुकाने की सुविधा देखना मेरे लिए दिलचस्प है।- निरान चायापोर्न, थाईलैंड

भारत मंडपम में लगभग हर कोई क्यूआर कोड से खरीदारी कर रहा है। मैंने किसी दूसरे देश में ऐसा नहीं देखा, जहां छोटे दुकानदार भी इतनी तेजी से नई तकनीक अपना रहे हों।- गोकुल राना, नेपाल

मेले में कारोबार और उत्पादों के साथ भारतीय खरीदारी के नए तरीकों को समझने का अवसर मिला। इससे मैं काफी उत्साहित हूं।-क्वामे मेंसाह, घाना

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X