मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
उज्जैन:महाकाल के दर्शन करने पहुंचे मोरारी बापू, बोले- लोगों को सनातन से जोड़ना ही स्वस्तिक यात्रा का उद्देश्य – Morari Bapu Visits Ujjain, Offers Prayers At Mahakaleshwar Temple And Shares Vision Behind Swastik Yatra
उज्जैन

उज्जैन:महाकाल के दर्शन करने पहुंचे मोरारी बापू, बोले- लोगों को सनातन से जोड़ना ही स्वस्तिक यात्रा का उद्देश्य – Morari Bapu Visits Ujjain, Offers Prayers At Mahakaleshwar Temple And Shares Vision Behind Swastik Yatra

November 17, 2026


Morari Bapu Visits Ujjain, Offers Prayers at Mahakaleshwar Temple and Shares Vision Behind Swastik Yatra

बाबा महाकाल के दर्शन करते मोरारी बापू

विस्तार

प्रसिद्ध रामकथा वाचक मोरारी बापू स्वस्तिक यात्रा के दौरान मंगलवार को धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। दर्शन के बाद बापू शिप्रा नदी के रामघाट पहुंचे, जहां उन्होंने पूजन किया। इसके बाद वे रामकथा के आयोजन में शामिल हुए और हजारों श्रद्धालुओं को कथा सुनाई।

बाबा महाकाल के दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मोरारी बापू ने कहा कि महाकाल के दर्शन कर वे स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज बाबा महाकाल ने प्रसन्न होकर दर्शन दिए और उनका आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ। स्वस्तिक यात्रा के उद्देश्य पर बापू ने बताया कि यह यात्रा भगवान की प्रेरणा से शुरू हुई है। जगद्गुरु आदि शंकराचार्य ने चार पीठों की स्थापना कर जिन स्थानों पर धर्म का प्रचार-प्रसार किया, उन सभी स्थानों पर वैदिक सनातन धर्म का संदेश पहुंचाना इस यात्रा का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा लोगों को आध्यात्मिकता से जोड़ने का प्रयास है।

रामकथा के महत्व पर उन्होंने कहा कि रामकथा संवाद का शास्त्र है। यह मनुष्य को जीवन में आगे बढ़ने और अपने जीवन को बेहतर बनाने की प्रेरणा देती है। बापू ने कहा कि लोगों को सनातन धर्म से जोड़ने के लिए इस तरह की यात्राएं होनी चाहिए। यात्राओं में पदयात्रा का विशेष महत्व है और यह सबसे श्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने जेन जी को भगवान श्रीहनुमान को अपना आदर्श बनाने की सलाह देते हुए कहा कि यदि वे हनुमानजी के आदर्शों पर चलते हैं, तो इससे उनका भविष्य उज्ज्वल होगा और राष्ट्र का गौरव भी बढ़ेगा।

मोरारी बापू की रामकथाएं देश-विदेश में 900 से अधिक स्थानों पर आयोजित हो चुकी हैं। वे अगस्त 2023 में 12 ज्योतिर्लिंगों की विशेष रामकथा यात्रा ‘मानस-900’ के तहत भी उज्जैन आ चुके हैं। उस दौरान वे विशेष ट्रेन से शहर पहुंचे थे, बाबा महाकाल के दर्शन किए थे और सरस्वती स्कूल के पास रामकथा सुनाई थी। इससे पहले भी वे सिंहस्थ और अन्य धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए उज्जैन आते रहे हैं।

बापू की रामकथा सुनने के लिए आयोजन स्थल पर देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने बापू के दर्शन किए और उनकी कथा का श्रवण किया। श्रद्धालुओं ने बताया कि जैसे ही उन्हें उज्जैन में बापू की कथा होने की जानकारी मिली, उन्होंने यहां आने की योजना बना ली थी। उन्होंने कहा कि रामकथा सुनने के साथ बापू के प्रत्यक्ष दर्शन का अवसर मिलना उनके लिए विशेष अनुभव रहा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X