सागर में हादसा:ड्यूटी से घर लौट रहे बंसल हॉस्पिटल के दो गार्डों को तेज रफ्तार अर्टिगा ने रौंदा, मौके पर मौत – Tragedy Near Karrapur: Speeding Ertiga Rams Bike, Killing Two Guards; Locals Blame Road Gravel

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार
November 17, 2026

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार
कर्रापुर पुलिस चौकी अंतर्गत फोरलेन मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक सागर स्थित बंसल हॉस्पिटल में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल व्यवस्था को लेकर प्रशासन और नेशनल हाईवे अथॉरिटी के प्रति नाराजगी जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गोरा निवासी मनोज सेन और धर्मेंद्र राय बंसल हॉस्पिटल में ड्यूटी समाप्त करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कर्रापुर के पास फोरलेन मार्ग पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर कार की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- छठ पर बुझ गया चिराग: पटना एक्सप्रेस में चार वर्षीय मासूम की मौत, जीआरपी ने गांव भिजवाया शव
हादसे में मृतकों की पहचान ग्राम गोरा, वार्ड क्रमांक 12 निवासी मनोज सेन (पिता भागीरथ सेन) और धर्मेंद्र राय के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कर्रापुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सड़क पर पड़ी मुरम को हादसे की वजह बता रहे ग्रामीण
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि फोरलेन सड़क पर निजी तौर पर मुरम डाल दी गई है, जिसके कारण सड़क पर वाहन अनियंत्रित हो रहे हैं। लोगों का दावा है कि इसी मुरम के कारण अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सड़क पर पड़ी मुरम के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस समस्या को लेकर पूर्व में भी NHAI के अधिकारियों को शिकायत और सूचना दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क से मुरम हटाई जाती और सुरक्षा के इंतजाम किए जाते तो शायद दो युवकों की जान बच सकती थी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन और NHAI से सड़क पर पड़ी मुरम तत्काल हटवाने तथा जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

November 16, 2026
आबकारी विभाग का नया फरमान विस्तार शराब दुकान के बाहर हुई युवक की मौत के बाद आबकारी विभाग ने सख्ती दिखाते हुए अनोखा आदेश जारी किया है। अब जिले की लाइसेंसी शराब दुकानों से बीमार, वृद्ध और अत्यधिक कमजोर दिखने वाले व्यक्तियों को शराब नहीं बेची जाएगी। इसके साथ ही विभाग ने दुकानदारों से ऐसे […]
November 16, 2026
मध्य प्रदेश में सर्दी ने अब रफ्तार पकड़ ली है। रात का तापमान लगातार गिर रहा है और सुबह ठिठुरन बढ़ने लगी है। प्रदेश के 16 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। इंदौर 11.8 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा, जबकि कटनी के करौंदी में […]
November 15, 2026
सागर जिले की रहली विधानसभा क्षेत्र के विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने वन विभाग तथा वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भालुओं के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए एक आदिवासी युवक को न तो समय पर उचित इलाज मिला और न […]
