Farrukhabad News:खेत पर लकड़ी लेने गई वृद्धा की संदिग्ध हालात में मौत – Elderly Woman Dies Under Suspicious Circumstances After Going To A Field To Collect Wood
नवाबगंज। खेत पर लकड़ी लेने गई वृद्धा का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। उनके गले से खून निकल रहा था और जीभ बाहर निकली हुई थी। परिजन ने हत्या की आशंका जताई। आरोप लगाया कि वृद्धा के नाक-कान के आभूषण और छह से सात हजार रुपये गायब हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया।
थाना क्षेत्र के गांव भगौरा निवासी स्व. रामविलास की पत्नी राममूर्ति देवी (75) सोमवार दोपहर करीब एक बजे खेत पर लकड़ी लेने गई थीं। 2:40 बजे उनका छोटा बेटा नन्हे अपने भतीजे ऋषभ के साथ खेत की तरफ गया तो मां को वहां पड़ा देखा। पास जाकर देखा तो उनके गले से खून निकल रहा था और जीभ बाहर निकली हुई थी। यह देखकर नन्हे की चीख निकल गई। आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग भी पहुंच गए।
पास में लकड़ी काटने वाला टकोरा रखा था और उनकी चप्पलें इधर-उधर पड़ी थीं। परिजन के मुताबिक वृद्धा के कानों के कुंडल, नाक का फूल और उनके पास रखे छह से सात हजार रुपये भी गायब थे।
पीआरवी मौके पर पहुंची और नवाबगंज प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार को जानकारी दी। उन्होंने वरिष्ठ उप निरीक्षक गीतम सिंह को घटनास्थल पर भेजा। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
मृतका के पांच बेटे रामशरण, आसाराम, मुकेश, मानसिंह और नन्हे हैं। सभी खेती-किसानी करते हैं। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। सीओ मोहम्मदाबाद आलोक कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
