मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
नए सफर पर निकलेगा 50 साल पुराना वॉयजर-1, धरती से 1 प्रकाश दिन होगा दूर… आखिर क्या होता है ये?
नॉलेज

नए सफर पर निकलेगा 50 साल पुराना वॉयजर-1, धरती से 1 प्रकाश दिन होगा दूर… आखिर क्या होता है ये?

November 17, 2026


NASA का वॉयजर-1 नए सफर पर निकलने वाला है. 50 साल पहले इस स्पेसक्राफ्ट को सौर मंडल के बाहर ग्रहों के बारे में पता लगाने के लिए लॉन्च किया गया था. उस वक्त इसके मिशन की समय सीमा महज पांच साल रखी गई थी जो बीते 50 साल से जारी है. अब यह एक और कीर्तिमान स्थापित करने वाला है. स्पेसक्राफ्ट जल्द ही धरती से एक प्रकाश दिन की दूरी हासिल करने वाला है. यानी अब ये यान जो सिग्नल भेजेगा, उन्हें धरती तक पहुंचने में तकरीबन 24 घंटे लगेंगे.

voyager-1 असल में एक मानव रहित अंतरिक्ष यान है, जिसे 5 सितंबर 1977 को NASA ने लांच किया था. फ्लोरिडा के कैनावेरल से लॉन्च किए गए इस यान का मकसद जुपिटर यानी बृहस्पति और शनि ग्रह का अध्ययन करना था. वैज्ञानिकों ने मिशन को इस तरह डिजाइन किया था, जिससे यह कम से कम पांच साल तक एक्टिव रहे. यह मिशन तब से लगातार काम कर रहा है. अपने तय टारगेट ग्रहों के बारे में पता लगाने के साथ इसने सौरमंडल के बाहर मौजूद अन्य ग्रहों, चंद्रमाओं के बारे मे भी अहम जानकारियां दीं.

नासा के मुताबिक 18 नवंबर यानी कल वॉयजर-1 धरती से 16.094 अरब मील यानी 25.9 अरब किलोमीटर दूर पहुंच जाएगा. यह दूरी इतनी ज्यादा है कि इसे प्रकाश की रफ्तार से तय करने में भी 24 घंटे लगते हैं. इसी दूरी को एक प्रकाश दिन दूर कहा जाता है. खास बात ये है कि यह पहली ऐसी कोई मानव निर्मित वस्तु है जो धरती से इतनी दूर तक पहुंची है.

वॉयजर मिशन ने सौरमंडल के बाहरी ग्रहों का अध्ययन किया है. इसने वॉयजर-2 के साथ मिलकर चार विशाल ग्रहों- बृहस्पति, शनि, यूरेनस और नेपच्यून के बारे में वैज्ञानिकों की समझ बदली है. बृहस्पति के पास से गुजरते हुए उसके बादलों, चुंबकीय क्षेत्र और विशाल लाल धब्बे की तस्वीरें वॉयजर ने 1979 में ही भेज दी थी. इसके अलावा 1980 में इसने शनि के पास उड़कर इसके छल्लों और चंद्रामओं के बारे में पता लगाया था. इसके अलावा वॉयजर-2 1986 में यूरेनस के पास पहुंच गया था जो अब तक ऐसा करने वाला एकमात्र अंतरिक्ष यान है. 1989 में इसमें नेपच्यून के बारे में पता लगाया था.

नासा की ओर से भेजा गया ये यान असल में परमाणु ऊर्जा से चलता है. दरअसल सौरमंडल के बाहरी हिस्से में सूर्य की रोशनी कम हो जाती है. ऐसे में इसे रेडियोओइसोटोप थर्मोइलेक्ट्रिक जनरेटर के पास भेजा गया है. यह प्लूटोनियम-238 के रेडियोधर्मी विखंडन से गर्मी पैदा करता है. समय बीतने के साथ प्लूटोनियम से मिलने वाली ऊर्जा कम हो रही है. वजह से नासा के वैज्ञानिक बिजली बचाने के लिए अंतरिक्ष यान के कुछ उपकरण और वैज्ञानिक इंस्ट्रूमेंट बंद करते जा रहे हैं.इसमें एक हाई-गेन एंटीना लगा है, जिसके जरिए यह पृथ्वी पर रेडियो सिग्नल भेजता है. नासा का डीप स्पेस नेटवर्क इन संकेतों को पकड़ता है. यह नेटवर्क अमेरिका, स्पेन और ऑस्ट्रेलिया में स्थित विशाल एंटीना की मदद से काम करता है.

वॉयजर-1 के बारे में ऐसा माना जाता है कि यह अब सौरमंडल से बाहर निकल चुका है, लेकिन वैज्ञानिक रूप से यह बात पूरी तरह सही नहीं है. दरअसल, सौरमंडल की सीमा को समझने के दो अलग-अलग तरीके हैं. पहली सीमा को हेलियोपॉज कहते हैं, जहां सूर्य लगातार आवेशित कणों की एक धारा छोड़ता है, जिसे सौर पवन कहते हैं. यह सौर पवन अंतरिक्ष में दूर तक फैलती है और एक विशाल सुरक्षा बुलबुला बनाती है.

इसे हेलियोस्फीयर कहा जाता है. यहां सूर्य से आने वाली सौर हवा का प्रभाव बाहरी अंतरिक्ष के कणों के दबाव के सामने खत्म होने लगता है, उस सीमा को हेलियोपॉज कहते हैं. वॉयजर-1 इस सीमा को पार कर चुका है. इसके बाद ऊर्ट क्लाउट आएगा जो सौरमंडल का सबसे बाहरी क्षेत्र माना जाता है. यह बर्फीली वस्तुओं और धूमकेतुओं का एक विशाल गोलाकार क्षेत्र है, जो सूर्य और उसके ग्रहों के चारों ओर फैला हुआ है. वैज्ञानिकों के मुताबिक इस दूसरी सीमा को पार करने के लिए वॉयजर को तकरीबन 30 हजार साल चाहिए.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X