फिरोजाबाद:पुलिस मुठभेड़ में हत्यारोपी घायल, पैर में लगी गोली; पीट-पीटकर उतारा था प्रदीप को मौत के घाट – Firozabad Police Arrest Murder Accused After Encounter, Devendra Shot In Leg
फिरोजाबाद के थाना एका क्षेत्र में 15 नवंबर की सुबह हुई फाइनेंस कर्मी प्रदीप कुमार की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी देवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। इस हत्याकांड में शामिल 12 अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बता दें कि है कि 15 नवंबर 2026 की सुबह लगभग पांच बजे थाना एका क्षेत्र के ग्राम सिंहपुर उडेसर निवासी प्रदीप कुमार पुत्र बज्र सिंह की जमीनी रंजिश के चलते पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी देवेंद्र पुत्र गंगा सिंह यादव और अन्य 12 लोगों के खिलाफ थाना एका में हत्या व अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
नहर पटरी के पास हुई पुलिस से मुठभेड़
जसराना सर्किल की प्रभारी सीओ चंचल त्यागी ने बताया कि घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। इसी दौरान थाना एका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त देवेंद्र नहर पटरी के रास्ते कहीं भागने की फिराक में है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय की टीम ने नगला धारू पुल से आगे नहर पटरी के पास ग्राम निनावली के समीप चेकिंग शुरू की।
इसी बीच एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया, जिसे रोकने पर उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी देवेंद्र के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोच लिया और उसके पास से एक तमंचा, दो कारतूस और दो खोखा बरामद किए है।
घायल देवेंद्र को पुलिस अभिरक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एका व बाद में ट्रामा सेंटर भिजवाया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त देवेंद्र का आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें हत्या के मुकदमे के अलावा पुलिस मुठभेड़, और मारपीट के अन्य मामले भी दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस हत्याकांड में संलिप्त चल रहे अन्य 12 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी जा रही है, जिन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
