मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फरीदाबाद

Faridabad News:धूल के खिलाफ मोर्चा संभालेंगे छह विभाग – Six Departments Will Take Up The Fight Against Dust

November 17, 2026


सड़कों की सफाई से लेकर पानी के छिड़काव तक की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी

अमर उजाला ब्यूरो

फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए अब छह सरकारी विभाग मिलकर मोर्चा संभालेंगे। इसके तहत शहर की सड़कों की सफाई से लेकर पानी के छिड़काव तक की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी जाएगी। नगर निगम, फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए), हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अपने-अपने क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण के उपाय करेंगे। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

दरअसल, जिले में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें निर्णय लिया गया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए सभी विभाग अलग-अलग काम करने के बजाय मिलकर प्रयास करेंगे। प्रत्येक विभाग अपने अधीन आने वाली सड़कों की नियमित सफाई सुनिश्चित करेगा। इसके साथ ही सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जाएगा, ताकि वाहनों की आवाजाही से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित किया जा सके। बैठक के बाद विभागों ने अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

एफएमडीए ने लगाईं चार टीमें

प्रदूषण नियंत्रण के लिए एफएमडीए ने चार टीमें तैनात की हैं। ये टीमें अपने क्षेत्र में धूल नियंत्रण के लिए काम कर रही हैं। इसके अलावा विभाग की ओर से एंटी स्मॉग गन और धूल नियंत्रण से जुड़े अन्य उपकरणों की खरीद के लिए टेंडर भी जारी किया जाएगा। वहीं, एचएसआईआईडीसी ने अपने क्षेत्र में धूल नियंत्रण के लिए तीन टीमें लगाई हैं। अन्य विभागों को भी अपने अधीन आने वाली सड़कों पर सफाई और छिड़काव की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम के पास सबसे अधिक 2828 किलोमीटर सड़कें

फरीदाबाद में सड़कों के निर्माण और रखरखाव की जिम्मेदारी छह प्रमुख विभागों के पास है। इनमें नगर निगम के पास सबसे अधिक 2828 किलोमीटर सड़कों का जिम्मा है। एफएमडीए के पास 89.97 किलोमीटर, एचएसवीपी के पास 36.66 किलोमीटर, पीडब्ल्यूडी के पास 79.90 किलोमीटर, एचएसआईआईडीसी के पास 153.52 किलोमीटर और एनएचएआई के पास 51.05 किलोमीटर सड़कें हैं। ऐसे में इन सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी से ही शहर में धूल नियंत्रण और प्रदूषण कम करने की मुहिम को प्रभावी बनाया जा सकेगा।

वर्जन-

प्रदूषण नियंत्रण के लिए एफएमडीए ने चार टीमें मैदान में उतारी हैं। इन टीमों में 20 कर्मचारी शामिल हैं, जो सड़कों पर धूल की सफाई का काम कर रहे हैं। इसके अलावा धूल नियंत्रण के लिए एंटी स्मॉग गन और अन्य उपकरणों की व्यवस्था करने के लिए टेंडर जारी किया जाएगा।- केएस पठानिया, कार्यकारी अभियंता, एफएमडीए

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X