नकल के चार सक्रिय मॉड्यूल:अंदर अभ्यर्थी, बाहर 300 मीटर पर वायरलेस, ऐसे हुआ भर्ती परीक्षा में धांधली का खुलासा – 14 Arrested Including Four Candidates In Finance Account Assistant Exam 22 Mobile Phones Seized
वित्त एवं लेखा सहायक (फाइनेंस अकाउंट असिस्टेंट) परीक्षा में धांधली के लिए बेहद संगठित तरीके से साजिश रची गई थी। चुनिंदा अभ्यर्थियों को नकल कराने के लिए चार अलग-अलग मॉड्यूल तैयार किए गए थे। इनमें से हर एक को खास जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के भीतर बैठे अभ्यर्थियों को बाहर मौजूद मददगारों से जोड़ने का पुख्ता बंदोबस्त किया गया था ताकि प्रश्न पत्र बाहर भेजकर तुरंत उनके सटीक उत्तर हासिल किए जा सकें। इन माॅड्यूल के लिए 200 से 300 मीटर की रेंज वाले वायरलेस सेट का बंदोबस्त किए गए थे।
वित्त विभाग में छह सौ पदों पर भर्ती के लिए जम्मू-कश्मीर सर्विस सिलेक्शन बोर्ड ने (जेकेएसएसबी) ने रविवार को पूरे जम्मू कश्मीर में परीक्षा कराई थी। इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग परीक्षा केंद्रों बाहर से 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। ये परीक्षार्थियों को नकल कराने की फिराक में थे। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के अंदर पकड़े गए चार अभ्यर्थियों से मोबाइल फोन और वायरलेस सेट बरामद हुए। पुलिस ने आठ वायरलेस सेट, 22 मोबाइल फोन और पांच चारपहिया वाहन जब्त किए हैं।
परीक्षा से पहले केंद्रों के बाहर से पकड़े आरोपी: एसएसपी जम्मू
एसएसपी जम्मू जोगिंदर सिंह ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस नेटवर्क की कार्यप्रणाली का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को पहले ही नकल की साजिश की सूचना मिल गई थी। संदिग्धों की पहचान कर पुलिस ने उन पर नजर रखी। परीक्षा शुरू होने से पहले ही केंद्रों के बाहर जमे आरोपियों को पकड़ लिया। परीक्षा कक्षों में बैठे अभ्यर्थियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए परीक्षा समाप्त होने का इंतजार किया गया। हम नहीं चाहते थी कि बीच परीक्षा में कार्रवाई से परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित हो।
चार अभ्यर्थियों के पास से चार मोबाइल बरामद
एसएसपी के अनुसार परीक्षा केंद्रों के अंदर बैठे चार अभ्यर्थियों के पास से चार मोबाइल फोन और वायरलेस सेट बरामद हुए है। इस संबंध में दोमाना पुलिस स्टेशन में तीन एफआईआर दर्ज की हैं। एसडीपीओ दोमाना की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की गई है। उन्होंने बताया कि रविवार को कुछ और ठिकानों पर दबिश दी गई जहां से दस्तावेज जब्त किए गए। वायरलेस सेट और मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच करवाई जा रही है। पुलिस पता लगा रही है कि इस नेटवर्क को उपकरण कहां से मिले। चारों मॉड्यूल में किसकी क्या जिम्मेदारी थी और जांच में अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
सीमावर्ती इलाकों से जुड़े हैं नकल के आरोपी
गिरफ्तार आरोपी जम्मू जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों से हैं। इनमें वासुदेव निवासी बिश्नाह, दीपक सेना उर्फ दीपू निवासी वार्ड नंबर 10 अरनिया, प्रदीप सैनी निवासी बिश्नाह, दीपक सैनी उर्फ मिट्ठू निवासी चकरा बिश्नाह, रंजीत सिंह निवासी कुल कलान अरनिया, प्रभजोत सिंह निवासी कल्याणा आरएस पुरा, अभि पाल सिंह निवासी परगवाल, हरजिंदर सिंह निवासी रठाना मोड़ आरएस पुरा, आदित्य कंचारा निवासी कल्याणा आरएस पुरा, दीदार सिंह उर्फ माइकल निवासी कल्याणा आरएस पुरा, जगतार सिंह निवासी कल्याणा अरनिया और पारुल पंगोत्रा निवासी चक असलाम आरएस पुरा शामिल हैं।
