Kotdwar News:अब रेडियोलॉजिस्ट अनुभाग पर लटका ताला, अल्ट्रासाउंड हुए बंद – Radiology Section Now Locked; Ultrasound Services Halted
भटक रहे कोटद्वार, भाबर, दुगड्डा, लैंसडौन, जयहरीखाल, सतपुली समेत पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। राजकीय बेस अस्पताल के रेडियोलॉजी अनुभाग पर ताला लटक गया है। दरअसल एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट प्रशिक्षण के लिए लखनऊ चले गए हैं। अल्ट्रासाउंड एवं अन्य चिकित्सकीय सेवाओं के लिए दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीज भटककर लौट रहे हैं।
राजकीय बेस अस्पताल से वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट डॉ. जयहिंद का एक जुलाई को स्थानांतरण होने के बाद उनके स्थान पर किसी रेडियोलॉजिस्ट की अस्पताल में तैनाती नहीं की गई। डॉ. जयहिंद की ओपीडी पर ताला लटक चुका है। रेडियोलॉजी अनुभाग की जिम्मेदारी अस्पताल में तैनात दूसरे रेडियोलॉजिस्ट डॉ. निशांत गर्ग के कंधों पर आ गई। अनुभाग में आने वाले मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण अल्ट्रासाउंड के लिए आने वाले मरीजों को एक से डेढ़ महीने तक प्रतीक्षा सूची में रखना पड़ रहा था। अब अल्ट्रासाउंड पूरी तरह से बंद हो गए हैं। दरअसल रेडियोलॉजिस्ट डॉ. निशांत गर्ग प्रशिक्षण के लिए लखनऊ चले गए हैं। उनकी ओपीडी अब औपचारिक रूप से ही खुल रही है। कोटद्वार, भाबर, दुगड्डा, लैंसडौन, सतपुली, जयहरीखाल आदि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से अल्ट्रासाउंड के लिए आने वाले मरीजों को भटककर बैरंग लौटना पड़ रहा है या फिर निजी लैब में उच्च दरों पर अल्ट्रासाउंड कराने के लिए विवश होना पड़ रहा है। मंगलवार को दूसरे दिन भी रेडियोलॉजी अनुभाग पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं रेडियोलॉजिस्ट के प्रशिक्षण पर जाने का असर मेमोग्राफी, सीटी, एमआरआई यूनिट पर भी पड़ा है। यहां जांच कराने वाले मरीजों की रिपोर्ट देखकर चिकित्सकीय परामर्श रेडियोलॉजिस्ट की ओर से प्रदान किया जाता है।
.
-बोले पीएमएस
बेस अस्पताल में एक रेडियोलॉजिस्ट की वेकेंसी होने के संबंध में मुख्यालय को अवगत कराया जा चुका है। अभी फिलहाल किसी रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के संकेत नहीं मिले हैं। -डॉ. विजय सिंह, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, बेस अस्पताल कोटद्वार।
