महाराष्ट्र के ठाणे से भदोही में एक युवक की हत्या और लूटपाट करने आए सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, महाराष्ट्र में एक डॉक्टर के घर से सोने की चेन चोरी करने के बाद उसे भदोही के एक परिचित को बेचने के लिए दिया गया था। इसी चेन को लेकर हुए विवाद और मारपीट के बाद आरोपियों ने युवक से बदला लेने की योजना बनाई थी। पुलिस ने औराई के कुरौना हवाई पट्टी के पास घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सभी सातों को गिरफ्तार कर लिया गया।
बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी अभिनव त्यागी ने बताया कि औराई पुलिस उगापुर नहर पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भदोही की तरफ से दो तेज रफ्तार कारें आती दिखाई दीं। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन चालकों ने बैरियर को टक्कर मार दी और असलहा लहराते हुए भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा किया और अन्य मोबाइल टीमों की मदद से कुरौना हवाई पट्टी के गेट के पास दोनों कारों की घेराबंदी कर ली। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की और सातों को गिरफ्तार कर लिया।