मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश)

Hamirpur (himachal) News:आम का पेड़ काटने का आरोप, वन विभाग ने शुरू की जांच – Allegation Of Cutting Down A Mango Tree; Forest Department Initiates An Investigation

November 17, 2026


मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले पेड़ कटवाने का आरोप, लकड़ी बरामद

19 नवंबर को स्कूल में स्वास्थ्य शिविर और साइंस लैब का शिलान्यास प्रस्तावित

संवाद न्यूज एजेंसी

हमीरपुर। राजकीय प्राथमिक पाठशाला गलोड़ परिसर और साथ लगती जमीन से आम का फलदार पेड़ काटने का मामला सामने आया है। 19 नवंबर को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की मौजूदगी में स्कूल में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर प्रस्तावित है। इसी दौरान मुख्यमंत्री साइंस लैब के निर्माण का शिलान्यास भी करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के बीच पेड़ काटे जाने की शिकायत मिलने पर वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

वन खंड हड़ेटा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गश्त के दौरान रास्ते के किनारे पेड़ की लकड़ी बरामद की है। अब विभाग यह पता लगा रहा है कि पेड़ किसने काटा और यह सरकारी जमीन पर था या निजी भूमि पर। उधर, शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन ने पेड़ कटवाने से इन्कार किया है। स्थानीय निवासी अधिवक्ता आशीष ठाकुर ने वन विभाग को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सोमवार देर शाम आम का पेड़ काटा गया।

यह जमीन शिक्षा विभाग की है और कुछ लोगों ने सरकारी कार्यक्रम की तैयारियों की आड़ में पेड़ कटवाया है। उन्होंने बताया कि जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा है। विभागीय निशानदेही में जमीन के सरकारी होने की पुष्टि हो चुकी है। आशीष ठाकुर का कहना है कि इससे पहले भी यहां सरकारी कार्यक्रम आयोजित हुए हैं, लेकिन कभी पेड़ काटने की जरूरत नहीं पड़ी। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। कार्यक्रम की तैयारियों की आड़ में जानबूझ कर पेड़ का कटवाया गया है।

कोट

स्कूल प्रबंधन ने यहां पर पेड़ नहीं कटवाया है। दिन के समय इसके बारे में जानकारी भी नहीं मिली थी। पेड़ किस खसरा नंबर से काटा गया है, इसकी जानकारी जांच के बाद ही पता चलेगी। – जेपी शर्मा, प्रधानाचार्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गलोड़

विभाग की टीम गश्त पर थी। इस दौरान रास्ते के किनारे पेड़ की लकड़ी बरामद की गई है। मामले में जांच की जा रही है कि यह पेड़ किसने काटा है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि पेड़ सरकारी भूमि पर था अथवा निजी भूमि पर। – विनोद शर्मा, खंड अधिकारी, वन खंड हड़ेटा

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X