मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कोटद्वार

Kotdwar News:मांगों के समर्थन में छठे दिन भी धरने पर बैठीं आशा कार्यकर्ता – Asha Workers Continue Their Sit-in For The Sixth Day In Support Of Their Demands

November 17, 2026


मांगें पूरी होने तक कार्य बहिष्कार जारी रखने की दी चेतावनी

संवाद न्यूज एजेंसी

कोटद्वार। मानदेय बढ़ोतरी समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तराखंड आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ता यूनियन से जुड़ी दुगड्डा, जयहरीखाल, द्वारीखाल और एकेश्वर ब्लॉक की आशा कार्यकर्ताओं का धरना-प्रदर्शन मंगलवार को छठवें दिन भी जारी रहा। तहसील परिसर में प्रदर्शन कर उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मांगें पूरी होने तक कार्य बहिष्कार जारी रखने की बात कही।

दुगड्डा ब्लॉक अध्यक्ष प्रभा चौधरी ने कहा कि तीन मार्च 2024 को मुख्यमंत्री ने मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ। आशा कार्यकर्ताओं ने न्यूनतम 42 हजार रुपये मासिक वेतन, पीएफ, ईएसआई, सेवानिवृत्ति पर पेंशन और पांच लाख रुपये की एकमुश्त सहायता की मांग उठाई। उन्होंने मानदेय और प्रोत्साहन राशि का भुगतान स्वास्थ्य विभाग से कराने, स्वास्थ्य केंद्रों में आशा घर बनाने, राज्य कर्मचारी का दर्जा और सामाजिक सुरक्षा देने के साथ श्रमिक सम्मेलन के 46वें अधिवेशन की सिफारिशें लागू करने की मांग भी की। प्रदर्शन में नीलम कुकरेती, कल्पना काला, सुमित्रा पंत, निर्मला, रंजना कोटनाला, प्रीति, रीता, कल्पना बिष्ट, विनीता काला, रोशनी जदली, उषा देवी, सरोज जदली, ज्योति रावत, मंजू नेगी, बसंती, विमला रावत और मीरा नेगी सहित अन्य आशा कार्यकर्ता शामिल रहीं।

.

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना जारी

कोटद्वार। मानदेय में बढ़ोतरी की मांग के लिए दुगड्डा, जयहरीखाल, रिखणीखाल और नैनीडांडा ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन मंगलवार को आठवें दिन भी जारी रहा। जिलाध्यक्ष बसंती रावत और ब्लॉक अध्यक्ष संगीता भट्ट के नेतृत्व में धरने पर बैठीं कार्यकर्ताओं ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में प्रतिदिन 140 रुपये और सहायिकाओं व मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में प्रतिदिन 70 रुपये की बढ़ोतरी करने, सेवानिवृत्ति पर अंशदान कल्याण कोष से एकमुश्त 10 लाख रुपये देने की मांग की। धरने पर पूजा देवी, माधुरी देवी, राखी कुकरेती, अनुसूया, अनामिका नेगी, दीप्ति देवी, बीना देवी, आशा देवी, मंजू देवी आदि मौजूद रहीं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X