Jaunpur News:नीलगाय से टकराई बाइक, बुआ की मौत, भतीजा घायल – Bike Collided With A Nilgai, Aunt Dies, Nephew Injured
मुंगराबादशाहपुर। क्षेत्र के इटहरा गांव स्थित सरकारी स्कूल के पास मंगलवार शाम करीब सात बजे नीलगाय से टकराकर बाइक सवार बुआ-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में बुआ की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल भतीजे का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के खाखापुर गांव निवासी दिव्यांश पटेल (20) अपनी बुआ द्रौपदी पटेल (55) निवासी चेतरिया, थाना पवारा को बाइक से लेकर शादी समारोह में शामिल होने रानीगंज जा रहे थे। इटहरा स्थित सरकारी स्कूल के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। बाइक की उससे टक्कर हो गई, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दिव्यांश के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि द्रौपदी की दाहिनी आंख के पास चोट लगी थी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में द्रौपदी ने दम तोड़ दिया। दिव्यांश का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। महिला की मौत से परिवार में मातम छा गया। थानाध्यक्ष गजानंद चौबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
