मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अंबेडकर नगर

Ambedkar Nagar News:जिले की 60,312 महिलाएं बनेंगी लखपति – 60,312 Women In The District Will Become ‘lakhpatis

November 17, 2026


अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिले की 60,312 महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मिशन निदेशालय ने अगले तीन वर्षों में इस लक्ष्य को पूरा करने की जिम्मेदारी विभाग को सौंपी है। इसके सापेक्ष अब तक 54 हजार महिलाओं का चिह्नांकन किया जा चुका है।

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिले में लखपति दीदी योजना का विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी चयनित महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने और पहले से संचालित आजीविका गतिविधियों को बढ़ाने के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी। योजना के माध्यम से महिलाएं घर बैठे सिलाई-कढ़ाई, डेयरी, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण, अगरबत्ती निर्माण, मसाला पैकिंग और हस्तशिल्प जैसे कार्य कर सकेंगी।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को प्रशिक्षण, कौशल विकास, वित्तीय सहायता और उत्पादों के विपणन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद चयनित महिलाओं को एक से पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण देने का प्रावधान है। इससे महिलाएं अपना कारोबार शुरू कर आय बढ़ा सकेंगी।

डीसी एनआरएलएम सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शासन से मिले लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। विभाग की ओर से पात्र महिलाओं का चिह्नांकन किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्धारित समय में लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X