Faridabad News:बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के दो दिन अब देय अवकाश माने जाएंगे – The Two Days Of The Electricity Employees’ Strike Will Now Be Treated As Leave
डीएचबीवीएन के नियमित, ठेका और एचकेआरएनएल कर्मचारियों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बिजली कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। 22 और 23 अक्तूबर को हुई प्रदेशव्यापी हड़ताल की अवधि को अब सरकार ने देय अवकाश मानने का फैसला लिया है। इससे हड़ताल में शामिल रहे दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के नियमित कर्मचारियों के साथ ठेका और हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएनएल) के कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी। अब इन दो दिनों की अनुपस्थिति को अनधिकृत गैरहाजिरी नहीं माना जाएगा।
हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा, हरियाणा राज्य बिजली बोर्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन और अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर 22 और 23 अक्तूबर को प्रदेशभर में हड़ताल की गई थी। इसमें फरीदाबाद सहित दक्षिण हरियाणा के बिजली निगम के काफी कर्मचारी शामिल हुए थे। हड़ताल की अवधि नियमित करने का मामला सरकार के विचाराधीन था।
डीएचबीवीएन के अधीक्षक अभियंता अविनाश यादव, हिसार की ओर से 16 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। इसमें स्पष्ट किया गया है कि हड़ताल में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा ठेका और एचकेआरएनएल कर्मियों पर भी यह निर्णय लागू होगा। आदेश की प्रति निगम के सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं, डीडीओ और एसडीओ सहित संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।
