बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गोरखपुर

Gorakhpur News:यौन शोषण के आरोपी से पूछताछ करने पहुंची पुलिस महिलाओं के विरोध पर बैरंग लौटी – Police, Who Arrived To Question An Accused In A Case Of Sexual Exploitation, Had To Return Empty-handed Following Protests By Women

November 18, 2026


– कानपुर निवासी युवती ने शादी का झांसा देकर दो साल साथ रखने के बाद युवक के दूसरी जगह विवाह करने की तैयारी का लगाया आरोप

– गुजरात से दिल्ली तक साथ रहने का दावा, पुलिस टीम ने शुरू की जांच

बांसगांव। यौन शोषण के मामले में युवक से पूछताछ करने उसके गांव पहुंची पुलिस टीम को महिलाओं के विरोध के बाद बैरंग लौटना पड़ा। मामला बांसगांव थाना क्षेत्र के भैसा रानी गांव का है। युवक पर कानपुर निवासी युवती ने शादी का झांसा देकर करीब दो साल तक साथ रखने और अब दूसरी जगह शादी करने की तैयारी करने का आरोप लगाया है।

कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने बांसगांव थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के रहने वाले युवक ने शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। युवती के मुताबिक, युवक उसे गुजरात से दिल्ली लेकर गया और इस दौरान एक-दो दिन के लिए अपने गांव भी लाया था। वहां युवक के माता-पिता और बहन ने बहन की शादी के बाद दोनों का विवाह कराने का भरोसा दिया था। इसके बाद दोनों दिल्ली चले गए।

आरोप है कि दिल्ली में युवक उसे छोड़कर चला गया। युवती ने जब उसके परिजन से फोन पर संपर्क किया तो उसने गाली-गलौज करते हुए गांव आने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़िता का कहना है कि अब युवक दूसरी जगह शादी करने की तैयारी कर रहा है। इसकी जानकारी होने पर मंगलवार को वह बांसगांव थाने पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। उसने पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर के आधार पर एसआई विनोद कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ युवक से पूछताछ करने उसके गांव पहुंचे थे। एसआई के मुताबिक, मौके पर महिलाओं की भीड़ जुट गई और उन्होंने पुलिस की पूछताछ में बाधा डाली। विरोध के चलते टीम को बिना पूछताछ किए वापस लौटना पड़ा।

थानाध्यक्ष विशाल सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X