Lakhimpur Kheri News:संगोष्ठी में यूजीसी, आरक्षण और सवर्ण आयोग पर चर्चा – Discussion On Ugc, Reservation, And The Commission For The ‘upper’ Castes At The Seminar
लखीमपुर खीरी। ब्राह्मण महासभा समन्वय समिति की संगोष्ठी मंगलवार को कंपनी बाग स्थित जिला पंचायत गेस्ट हाउस में संत शिरोमणि रामभूषण दास लधड बाबा अंतर्वेद की अध्यक्षता में हुई।
शिशिर शुक्ला ने संचालन करते हुए कहा कि समाज की समस्याओं के समाधान के लिए सभी संगठनों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। संगोष्ठी में यूजीसी, सवर्ण आयोग, एससी-एसटी एक्ट और वर्तमान आरक्षण व्यवस्था पर चर्चा के साथ सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताई गई।
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष पं. धीरज शुक्ला ने विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार रखे। प्रगतिशील ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष नंद कुमार मिश्रा ने राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और एकजुटता पर जोर दिया। अवधेश मिश्र और दयानंद शुक्ला ने भी समाज के प्रति जिम्मेदारियों पर विचार रखे। मुख्य वक्ता अनिल अमल ने मार्गदर्शन किया।
बाबा ने प्रतिदिन 12 माला गायत्री जप करने और दहेज जैसी कुप्रथा से दूर रहने का आह्वान किया। बैठक में करीब 200 से 300 लोग शामिल हुए।
अनूप शुक्ला ने कहा कि जल्द ही सभी सवर्ण समाज के लोगों की संयुक्त बैठक कर आगे की रणनीति तय करने का निर्णय लिया गया। सम्मेलन को आचार्य संजय मिश्रा, आशू मिश्रा, राघव राम तिवारी, मोहन बाजपेई, डॉ. अजय अवस्थी, डीएन मालपनी, अवधेश मिश्रा ने भी संबोधित किया।
