Rampur News:पीलाखार डैम में मिला दिव्यांग युवक का शव – Body Of A Disabled Youth Found In Peelakhar Dam
केमरी। सोमवार दोपहर घर से निकले 33 वर्षीय दिव्यांग युवक का शव देर रात पीलाखार डैम में मिला। डैम किनारे उसकी ट्राईसाइकिल खड़ी मिलने से अनहोनी की आशंका गहरा गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने निजी गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। घंटों की मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे युवक का शव बरामद हुआ। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिवार में मातम छा गया।
केमरी कस्बे के मोहल्ला तकिया निवासी समीर अहमद (33) पुत्र अकील अहमद दिव्यांग थे। वह ट्राईसाइकिल के सहारे आवागमन करते थे। उनके चाचा इकबाल अहमद के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब एक बजे समीर अचानक घर से कहीं चले गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी पता किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच कुछ मछुआरों ने परिजनों को सूचना दी कि समीर की ट्राईसाइकिल केमरी पीलाखार नदी के किनारे खड़ी है। इस पर परिवार के लोग डैम पहुंचे। आसपास तलाश करने के बाद भी समीर का पता नहीं चला। इसके बाद चाचा इकबाल अहमद ने केमरी थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रविंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ पीलाखार डैम पहुंच गए। किनारे खड़ी ट्राईसाइकिल को कब्जे में लेकर पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कराई। डैम में डूबने की आशंका के चलते निजी गोताखोर बुलाए गए। रात में तलाश अभियान चलाया गया। काफी देर की मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे गोताखोरों ने समीर का शव बरामद कर लिया। शव बाहर निकलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सीओ राजवीर सिंह परिहार ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इस कारण शव परिजनों को सौंप दिया गया।
