Jalaun News:नहर में डूबे दो रिश्तेदार, एक का शव बरामद – Two Relatives Drowned In A Canal; One Body Recovered
कोंच (उरई)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परैथा के पास कोंच-पहाड़गांव मार्ग स्थित नहर पुल पर रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में आए दो युवक नहर में डूब गए। एसडीआरएफ की टीम ने देर शाम एक युवक का शव बरामद कर लिया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। बताया गया कि एक युवक को डूबता देख दूसरा उसे बचाने के लिए नहर में कूद गया, लेकिन वह भी गहरे पानी में समा गया।
कोतवाली क्षेत्र के परैथा गांव निवासी सूरज वाल्मीकि की मां नन्हीं बरार (95) का सोमवार को निधन हो गया था। परिजनों के दिल्ली में काम-धंधे के सिलसिले में रहने के कारण मंगलवार दोपहर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के बाद कुछ युवक ट्रैक्टर धोने और नहाने के लिए नहर पुल पर चले गए।
इसी दौरान ललितपुर जनपद के थाना मड़ावरा क्षेत्र के ग्राम डोंगरा निवासी सूरज के साढ़ू का बेटा राजा (19) पुत्र चंदन नहर में डूबने लगा। उसे डूबता देख रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम मई निवासी सूरज का भांजा मोहन (35) पुत्र मुन्नीलाल उसे बचाने के लिए नहर में कूद गया, लेकिन बचाने की कोशिश में वह भी डूब गया।
दोनों युवकों को पानी में डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक दोनों पानी में लापता हो चुके थे। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम अनीता देवी, कोतवाल निग्वेंद्र प्रताप सिंह पुलिस और राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने तत्काल दमकल, एंबुलेंस और स्थानीय गोताखोरों को बुलवाया। इसके साथ ही जिला मुख्यालय से एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।स्थानीय गोताखोरों के प्रयास सफल नहीं होने पर एसडीआरएफ ने तलाश अभियान शुरू किया।
देर शाम टीम ने मोहन का शव बरामद कर लिया, जबकि राजा का कोई सुराग नहीं लग सका। एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में जुटी रही। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसडीएम अनीता देवी ने बताया कि घटना स्थल के आगे पुलों पर पुलिस की टीमें लगाई गई हैं बुधवार की सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन चला जाएगा।

फोटो – 30 मृतक मोहन की फाइल फोटो।– फोटो : ARchive

फोटो – 30 मृतक मोहन की फाइल फोटो।– फोटो : ARchive
