बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पानीपत

Panipat News:सीपीसीबी ने प्रदूषण नियंत्रण मानकों की अनदेखी पर दो फैक्टरियां कीं सील – Cpcb Seals Two Factories For Disregarding Pollution Control Standards

November 18, 2026


पानीपत। बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच प्रदूषण नियंत्रण मानकों की अनदेखी करने वाली औद्योगिक इकाइयों पर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पानीपत की दो औद्योगिक इकाइयों को सील कर दिया गया है। इनमें डाडोला रोड स्थित राम ओढ़ना बिछौना और समालखा की श्री स्टील फैक्टरी शामिल हैं।

वहीं, सीपीसीबी की सूची में शामिल जिले की अन्य 12 इकाइयों ने समय रहते अपनी कमियां दूर कर कार्रवाई से राहत पा ली है। उद्यमियों के विरोध प्रदर्शन के बावजूद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नियमों के तहत कार्रवाई जारी रखी है। सीपीसीबी ने वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों (एपीसीडी) के संशोधित मानकों का पालन नहीं करने और अनिवार्य ऑनलाइन पोर्टल पर जरूरी साक्ष्य अपलोड नहीं करने के मामलों को गंभीरता से लिया था।

बोर्ड ने हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की 235 औद्योगिक इकाइयों को तत्काल बंद करने के आदेश जारी किए थे। इनमें हरियाणा की 151 इकाइयां शामिल थीं। इनकी बिजली आपूर्ति काटने के निर्देश भी बिजली निगम को दिए गए थे। पानीपत की 14 औद्योगिक इकाइयां इस सूची में थीं। इनमें नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) और पानीपत सहकारी चीनी मिल का नाम भी शामिल था।

एचएसपीसीबी के अधिकारियों ने संबंधित इकाइयों का निरीक्षण कर मंगलवार को कार्रवाई रिपोर्ट सीपीसीबी को भेजी। जांच में दो इकाइयों में निर्धारित मानकों के अनुपालन में कमी मिलने पर उन्हें सील कर दिया गया। बोर्ड के एसडीओ कुलदीप सिंह के अनुसार, जिले की 14 चिन्हित इकाइयों में से 12 ने अपनी कमियां पूरी कर ली हैं। दोनों सील की गई फैक्टरियों के पहले से बंद होने की जानकारी भी मिली थी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X