Bilaspur News:छठे दिन भी जारी रहा पेंशनरों का धरना, लंबित वित्तीय लाभ जारी करने की उठाई मांग – Pensioners’ Protest Continued For The Sixth Day; They Demanded The Release Of Pending Financial Benefits
उपायुक्त कार्यालय परिसर में किया प्रदर्शन, 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ भेदभाव का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर मंगलवार को छठे दिन भी उपायुक्त कार्यालय परिसर में पेंशनरों का धरना-प्रदर्शन जारी रहा। जिला संयोजक चेत राम वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन में संयुक्त संघर्ष समिति बिलासपुर के बैनर तले पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न पेंशनर संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान वक्ताओं ने प्रदेश सरकार पर पेंशनरों के लंबित वित्तीय लाभ जारी न करने और उनकी मांगों की अनदेखी करने के आरोप लगाए।
वक्ता राज कुमार शर्मा ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने समय-समय पर पेंशनरों को महंगाई भत्ते की किस्तें और बकाया राशि जारी की हैं, लेकिन वर्तमान सरकार वित्तीय लाभ देने के मामले में टालमटोल कर रही है। पेंशनर फेडरेशन हिमाचल प्रदेश के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमर नाथ धीमान ने कहा कि प्रदेश सरकार पेंशनरों के हितों की अनदेखी कर रही है। पेंशनर इसे सहन नहीं करेंगे और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
कार्यक्रम संयोजक सुशील पुंडीर ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पेंशनरों को अपने लंबित वित्तीय लाभ हासिल करने के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक से पेंशनरों की देनदारियां लंबित हैं। विशेष रूप से वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अवधि से पहले और बाद में सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों को वित्तीय लाभ दिए जा चुके हैं, जबकि बीच की अवधि में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के मामले अब भी लंबित हैं।
डॉ. सदा राम शर्मा ने पेंशनरों से 19 नवंबर को होने वाले धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। इस मौके पर सुशील पुंडीर, राज कुमार शर्मा, कर्म सिंह चंदेल, तिलक राज शर्मा, डॉ. सदा राम शर्मा, सुभाष ठाकुर, नंद लाल ठाकुर, अमर नाथ धीमान, लक्ष्मण ठाकुर, त्रिलोक चौहान और जय कृष्ण शर्मा ने विचार रखे। मंच संचालन संयुक्त संघर्ष समिति बिलासपुर के अतिरिक्त सचिव राम प्रकाश ने किया।
