Chamba News:20 दिन से सड़क किनारे खड़ी सरकारी की बस – Government Bus Parked On The Roadside For 20 Days
सलूणी (चंबा)। सलूणी में एचआरटीसी की एक बस 20 दिन से सड़क किनारे खड़ी है। तकनीकी खराबी आने के बाद बस को सड़क पर खड़ा कर दिया गया था लेकिन, इतने दिन बीत जाने के बावजूद न तो इसकी मरम्मत हो पाई है और न ही इसे वहां से हटाने की व्यवस्था की गई है। इससे सड़क किनारे खड़ी बस लोगों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
स्थानीय लोगों हेम सिंह, दौलत राम, देस राज, केहर सिंह, उत्तम सिंह, तेज राम आदि ने बताया कि बस यहां इतने दिनों से खड़ी है। इससे यहां हर दिन जाम लग रहा है। निगम को इसके बारे में अवगत करवाया गया है लेकिन बस को यहां से नहीं हटाया गया है। लोगों ने निगम से मांग की है कि बस की मरम्मत करके उसे इस स्थान से हटाया जाए। एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने कहा कि मेकेनिक भेजकर बस की मरम्मत करके रूट पर भेज दिया जाएगा।
