बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:उज्जैन में सांदीपनि लोक की जमीन पर घमासान, आसाराम आश्रम ने अधिग्रहण के खिलाफ खोला मोर्चा – If asaram ashram land taken for sandipani lok, we will go to court, strike, followers from across india
उज्जैन

एमपी:उज्जैन में सांदीपनि लोक की जमीन पर घमासान, आसाराम आश्रम ने अधिग्रहण के खिलाफ खोला मोर्चा – If asaram ashram land taken for sandipani lok, we will go to court, strike, followers from across india

November 18, 2026


मध्यप्रदेश सरकार की ओर से भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली को सांदीपनि लोक के रूप में विकसित करने की योजना का विरोध शुरू हो गया है। सांदीपनि आश्रम के पास स्थित आसाराम बापू आश्रम की जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया के खिलाफ आश्रम प्रबंधन ने मोर्चा खोल दिया है। आश्रम संचालक शिवा भाई ने चेतावनी दी है कि यदि आश्रम की जमीन लेकर वहां सांदीपनि लोक बनाया गया तो वे न्यायालय जाएंगे और आंदोलन करेंगे। जरूरत पड़ने पर देशभर से आसाराम बापू के अनुयायियों को उज्जैन बुलाकर इस कार्रवाई का विरोध किया जाएगा।

आसाराम बापू आश्रम के संचालक शिवा भाई का आरोप है कि उनके आश्रम को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी आश्रम की जमीन से 80 फीट चौड़ी सड़क निकालने की योजना बनाई गई थी, लेकिन भक्तों के विरोध के बाद प्रशासन को सड़क का रास्ता बदलना पड़ा था। अब सांदीपनि लोक के नाम पर एक बार फिर आश्रम की जमीन लेने की कोशिश की जा रही है।

शिवा भाई के अनुसार, आश्रम प्रबंधन को अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक नोटिस नहीं मिला है। हालांकि, कुछ दिन पहले नायब तहसीलदार शेफाली जैन आश्रम पहुंची थीं और उन्होंने सांदीपनि लोक के लिए जमीन लेने की बात कही थी। इस दौरान हुई बैठक में ही आश्रम प्रबंधन ने स्पष्ट कर दिया था कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं देंगे। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले आसाराम बापू भी आश्रम आए थे और उन्होंने भी जमीन देने से इनकार कर दिया था।

पढे़ं: फर्जी एडिशनल डायरेक्टर बनकर ऐश करता रहा अमित तिवारी, सरकारी बंगला और मुफ्त हवाई यात्रा का उठाया लुत्फ

सनातन की सरकार में भी परेशान होना पड़ रहा

आश्रम संचालक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आश्रम में हिंदू संस्कृति को जागृत करने का काम किया जाता है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु शांति की तलाश में आते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सनातन की सरकार होने के बावजूद आश्रम प्रबंधन को परेशान क्यों किया जा रहा है। उनका यह भी कहना है कि सरकार की ओर से आसाराम बापू के स्वास्थ्य और इलाज के लिए कोई मदद नहीं मिल रही है। ऐसे में इस धार्मिक स्थल को हटाकर सांदीपनि लोक बनाना उचित नहीं है। उन्होंने दोहराया कि वे ऐसा किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे।

17 बीघा जमीन पर 139 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा सांदीपनि लोक

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, सांदीपनि लोक के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। पहले इसके लिए 15 बीघा जमीन का प्रस्ताव था, जिसे अब बढ़ाकर करीब 17 बीघा कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, आश्रम प्रबंधन को धारा-4 के बाद धारा-11 का नोटिस जारी किया जा चुका है।

प्रशासन की कोशिश है कि आपसी सहमति और क्रय नियमों के तहत जमीन प्राप्त कर ली जाए। इससे करीब दो महीने में मुआवजा देने की प्रक्रिया पूरी हो सकती है। वहीं, सामान्य भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में लगभग छह महीने का समय लग सकता है।

सांदीपनि लोक में बनाए जाएंगे नौ थीम जोन

उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने करीब 139 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सांदीपनि लोक के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है। परियोजना के तहत यहां नौ अलग-अलग थीम जोन विकसित किए जाएंगे। इनमें एआर-वीआर (AR-VR) और डिजिटल तकनीक के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भगवान श्रीकृष्ण की ज्ञान यात्रा और उनकी 64 कलाओं से परिचित कराया जाएगा। जमीन उपलब्ध होते ही यूडीए निर्माण कार्य शुरू कर देगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X