बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:वायरल हुई ज्वेलरी लुटेरन अब कहां है? करोड़ों की लूट के बाद भी अधूरा रहा गहनों का हिसाब – Bihar-jewellery-showroom-robbery-samastipur-loot-cases
दरभंगा

बिहार:वायरल हुई ज्वेलरी लुटेरन अब कहां है? करोड़ों की लूट के बाद भी अधूरा रहा गहनों का हिसाब – Bihar-jewellery-showroom-robbery-samastipur-loot-cases

November 18, 2026


बिहार में ज्वेलरी शोरूम अपराधियों के निशाने पर हैं। दिनदहाड़े हथियारों के बल पर दुकानों में घुसना, कर्मचारियों को बंधक बनाना और करोड़ों के आभूषण लेकर फरार हो जाना अब पुलिस के सामने बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। बुधवार को पश्चिम चंपारण के बेतिया में सेंको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में हुई बड़ी लूट ने एक बार फिर इस चुनौती को सामने ला दिया है।

इस घटना ने समस्तीपुर के दो चर्चित ज्वेलरी लूटकांडों की याद भी ताजा कर दी है। जिले के मोहनपुर रोड स्थित हीरा ज्वेलर्स में करीब एक करोड़ रुपये की लूट में जहां एक युवती को मास्टरमाइंड बताया गया था, वहीं पुरानी पोस्ट ऑफिस रोड के अनिल ज्वेलर्स से करोड़ों के आभूषण लूटने वाला मुख्य आरोपी राजनंदन उर्फ हंटर पुलिस हिरासत से फरार होने के बाद दोबारा गिरफ्तार हुआ। तीनों घटनाओं में अपराधियों के दुस्साहस के साथ पुलिस की जांच, आभूषणों की बरामदगी और कारोबारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था बड़े सवाल बनकर सामने आए हैं।

समस्तीपुर के हीरा ज्वेलर्स लूट में ग्राहक बनकर पहुंची थी 22 वर्षीया युवती

समस्तीपुर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर रोड स्थित हीरा ज्वेलर्स में 6 दिसंबर 2022 को करीब एक करोड़ रुपये के आभूषणों की लूट हुई थी। इस मामले में जांच के दौरान अंजली नामक युवती की मुख्य भूमिका सामने आई। पुलिस की जांच के अनुसार उसने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी। ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचने और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ लूट की योजना बनाने में उसकी अहम भूमिका थी।

लूट के बाद अंजली के बाइक पर सवार होकर भागने का वीडियो ने उन दिनों काफी सुर्खियां बटोरी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह नेपाल चली गई थी। बाद में पटना पहुंचने पर 13 फरवरी 2023 को एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में कुल आठ बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई थी। पुलिस ने कुछ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा था और 6 किलो चांदी व 64 ग्राम सोना बरामद किए थे।

अनिल ज्वेलर्स लूट का आरोपी कोर्ट हाजत से हुआ था फरार

समस्तीपुर के पुरानी पोस्ट ऑफिस रोड स्थित अनिल ज्वेलर्स में 23 नवंबर 2024 को करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये के आभूषणों की लूट हुई थी। हथियारबंद अपराधियों ने दुकान मालिक और कर्मचारियों को कब्जे में लेकर शोकेस तथा तिजोरी में रखे आभूषण समेट लिए थे। दुकान मालिक के अनुसार अनिल कुमार के अनुसार अपराधी 103 पैकेट में रखे 39 तरह के आभूषण लेकर भागे थे। इस मामले में राजनंदन कुमार उर्फ छोटू उर्फ हंटर को मुख्य आरोपी बताया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन 28 मई 2025 को न्यायालय में पेशी के दौरान वह पुलिसकर्मियों को धक्का देकर अपने तीन साथियों के साथ कोर्ट हाजत से फरार हो गया।

फरार होने वालों में मनीष, मंजीत और अरविंद सहनी शामिल थे। बाद में पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई में तीनों का अलग-अलग अंजाम हुआ। अरविंद सहनी एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मारा गया। मंजीत ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि मनीष को पुलिस ने मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया। इन तीनों के बाद राजनंदन की तलाश जारी थी। इसके बाद उसकी तलाश में पुलिस और एसटीएफ लगातार छापेमारी करती रही। आखिरकार करीब डेढ़ साल तक फरार रहने के बाद नवंबर 2026 में वैशाली के सदर थाना क्षेत्र स्थित मरमला चौर में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ हुई।

जवाबी कार्रवाई में राजनंदन के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घटनास्थल से हथियार और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए थे। पुलिस के मुताबिक, राजनंदन पर समस्तीपुर, वैशाली और कटिहार में करीब 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले भी हैं। फिलवक्त वह जेल में है। पुलिस ने मामले में 593. 03 ग्राम सोना व 485. 6 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए थे। 

आरोपी पकड़े गए, लेकिन लूटे गए गहनों का हिसाब कहां?

समस्तीपुर के दोनों मामलों में पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की, लेकिन दोनों मामलों में थोड़ा बहुत आभूषण की ही बरामदगी हो सकी।

सुरक्षा व्यवस्था पर फिर खड़े हुए सवाल

बेतिया की घटना ने एक बार फिर ज्वेलरी कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। समस्तीपुर की पुरानी घटनाएं भी बताती हैं कि अपराधी पहले रेकी करते हैं, ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश करते हैं और फिर हथियार के बल पर वारदात को अंजाम देते हैं। ऐसे में केवल घटना के बाद छापेमारी और गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है। बाजारों में पुलिस गश्ती, संवेदनशील दुकानों के आसपास निगरानी, सीसीटीवी नेटवर्क और त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया की व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। आखिरकार करोड़ों की लूट के बाद अपराधियों की गिरफ्तारी सुर्खियां बनती है, लेकिन पीड़ित कारोबारी के लिए असली राहत तब होती है जब उसका लूटा हुआ सामान वापस मिले। 

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X