बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सीतापुर

Sitapur News:खेतों में घूम रही बाघिन, चौथे दिन फिर मिले नए पग चिह्न – Tigress Roaming In The Fields; Fresh Pugmarks Found Again On The Fourth Day

November 18, 2026


संदना। बाघिन कोड़री व धवरपारा के आसपास खेतों में घूम रही है। बुधवार को फिर बाघिन के नए पग चिह्न मिले हैं। बाघिन की सक्रियता लगातार सामने आने के बाद भी वन विभाग की टीमें उसे तलाश नहीं पा रही हैं। करीब 30 गांवों की 25 हजार आबादी बाघिन की दहशत के साये में है। खेती-किसानी भी प्रभावित हो रही है।

मिश्रिख वन रेंज में बाघिन ने गत 15 जुलाई को दस्तक दी थी। रसुलवा के पास बाघिन ने खेत में किसान कमल किशोर पर हमला किया था। इस हमले में किसान की मौत हो गई थी। इसके बाद लगातार बाघिन इलाके में घूम रही है। अलग-अलग जगहों पर उसके पगचिह्न मिल रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि दो स्थानों पर पिंजरा लगाने व सीसीटीवी कैमरों के जरिए कमांड सेंटर से निगरानी के बाद भी बाघिन अब तक पकड़ में नहीं आई है। वन विभाग के सारे बंदोबस्त को दरकिनार कर इस बीच बाघिन तीन पड़वों व बकरियों को निवाला बना चुकी है।

उधर, बाघिन को पकड़ने के लिए वन विभाग की कवायद सिर्फ कांबिंग तक सिमटी नजर आती है। बाघिन की दहशत से खेती-किसानी भी प्रभावित है। किसान गेहूं और सरसों की बोआई व गन्ने की छिलाई के लिए खेतों में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। मजदूर भी आसानी से नहीं मिल रहे हैं। इससे किसानों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। मिश्रिख रेंजर सिकंदर सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीमें संभावित स्थानों पर लगातार कांबिंग कर रही हैं। दोनों पिंजरों की निगरानी भी की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X