Sultanpur News:ट्रक से टकराया बेकाबू कंटेनर, सह चालक की मौत, दो जख्मी – Out-of-control Container Truck Collides With Another Truck; Co-driver Killed, Two Injured
दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बढ़ौली मदनपुर के पास से बुधवार सुबह गुजर रहे एक ट्रक में अनियंत्रित कंटेनर पीछे से टकरा गया। दुर्घटना में कंटेनर के सह चालक मुरादाबाद के सरदार नगर, अटरिया निवासी आरिफ (40) की मौत हो गई।
वहीं, कंटेनर पर सवार सरदार नगर, अटरिया के ही निजाकत (30), व तिलक नगर खेड़ा निवासी चालक मुराद अली (21) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को दोस्तपुर सीएचसी से जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया,जहां उनका इलाज चल रहा है। कंटेनर मुराद चला रहे थे।
यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी धनेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना बुधवार सुबह करीब 07:30 बजे हुई। ट्रक चालक गगन यादव निवासी कन्नौज ने बताया कि वह हरिद्वार से डिटर्जेंट पाउडर लेकर पटना जा रहे थे। रास्ते में बढ़ौली मदनपुर के पास ट्रक को धीमा करके पीली पट्टी के अंदर खड़ा करने जा रहे थे। इसी बीच पीछे से अनियंत्रित कंटेनर उनके ट्रक से टकरा गया।
यूपीडा कर्मियों के मुताबिक कंटेनर काफी स्पीड में था। वह ट्रक में पीछे से घुस गया। घायलों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। कंटेनर के केबिन को काटकर उसमें से आरिफ, निजाकत व मुराद को बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कंटेनर मुराद चला रहे थे, उन्हें नींद आने से दुर्घटना हो गई। घायलों को दोस्तपुर सीएचसी पहुंचाया गया। वहां पर चिकित्सक ने आरिफ को मृत घोषित कर दिया। क्रेन के माध्यम से दोनों वाहनों को मुख्य मार्ग से हटवाकर यातायात बहाल किया गया।
दोस्तपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक नारदमुनि सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है, मृतक के परिजन को जानकारी दी गई, तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
सड़क के गड्ढे में फंसा ट्रक का पहिया
दोस्तपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस लेन पर बढ़ौली के पास बुधवार सुबह गिट्टी लदे ट्रक का पिछला दाहिना पहिया गड्ढे में फंस गया। चालक की सूझबूझ से ट्रक पलटने से बच गया। ट्रक को जेसीबी लगाकर गड्ढे से बाहर निकाला गया। दोस्तपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक नारदमुनि सिंह ने बताया कि किसी को चोट नहीं आई है। (संवाद)
