Farrukhabad News:राज्याभिषेक से श्रीराम के वनगमन तक का हुआ संगीतमय पाठ – A Musical Recitation Was Held, Covering The Period From The Coronation Of Shri Ram To His Departure For The Forest
फर्रुखाबाद। शहर से चिलसरा रोड रमन्ना गुलजार बाग स्थित श्री हनुमानजी खड़गसेन महाराज आश्रम में श्रीरामचरित मानस नवाह्न परायण के चौथे दिन राम राज्याभिषेक की तैयारी से कैकेयी के वरदान और श्रीराम के वनवास गमन तक का पाठ किया गया। सुबह 10 बजे से आचार्य अभिषेक मिश्र ने आश्रम महंत मुनेश्वर दास के हाथों पूजन कराया।
आश्रम परिसर में मंगलवार को आचार्य अभिषेक मिश्रा ने महंत मुनेश्वर दास के साथ दूरदराज से आए संतों के हाथों पूजन कराया। इसके बाद चौथे नवाह्न परायण का पाठ किया गया। श्रीरामचरितमानस के अयोध्याकांड के मंगलाचरण से दोहा संख्या 116 तक का संगीतमय पाठ किया। श्रीराम के राज्याभिषेक की तैयारी, कैकेयी के वरदान और श्रीराम के वनवास गमन से जुड़े प्रसंग सुनाए गए। अयोध्या में श्रीराम के राज्याभिषेक के समाचार और उत्सव की तैयारी थी कि मंथरा के बहकाने में कैकेयी कोप भवन में चली गईं। राजा दशरथ ने कैकेयी को दो वरदान दिए, जिसमें श्रीराम को वनवास और भरत को राजगद्दी। माता कौशल्या से वन जाने की आज्ञा ली। पाठ में राम के वनगमन तक का पाठ पूरा हुआ। पाठ में ओमेश्वर दास, श्रीकिशन दास, नारायण दास, रामकिशोर दास के अलावा इटावा, गुरसहायगंज, मैनपुरी समेत कई जिलों से संत पहुंचने लगे हैं। महंत मुनेश्वर दास ने बताया कि 22 नवंबर को यज्ञ खत्म होगा और 24 को भंडारा किया जाएगा।
