बिहार:जमीन विवाद सुलझाने के लिए मांगे 20 हजार रुपये? महिला को रात में थाने बुलाने का आरोप, दारोगा निलंबित – Bribery Under The Guise Of A Uniform! 20,000 Rupees Demanded From A Woman Motihari Bihar News
पूर्वी चंपारण के सुगौली थाने में तैनात एक दारोगा पर जमीन विवाद में कार्रवाई के नाम पर रिश्वत मांगने और पीड़ित महिला को रात में थाने बुलाने का आरोप लगा है। दारोगा और महिला के बीच कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामला सामने आने के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात ने आरोपी दारोगा शैलेश कुमार को निलंबित कर दिया है।
मामला सुगौली थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव का है। बताया जाता है कि गांव में दो पड़ोसियों के बीच जमीन पर अतिक्रमण को लेकर विवाद चल रहा था। पीड़ित महिला अपनी जमीन से अतिक्रमण हटवाने और इस मामले में पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के चक्कर लगा रही थी। इसी दौरान दारोगा के साथ हुई कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल ऑडियो में महिला पहले एक हजार और फिर तीन हजार रुपये देने की बात कहती सुनाई दे रही है। इस तरह कुल चार हजार रुपये देने की बात बातचीत में सामने आती है। आरोप है कि इतनी रकम देने के बाद भी दारोगा की ओर से 20 हजार रुपये की मांग की गई। बातचीत में महिला पर बाकी रकम देने का दबाव बनाए जाने और ऐसा नहीं होने पर कार्रवाई प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है।
पढे़ं: श्रमजीवी एक्सप्रेस में अगले सात दिन तक कन्फर्म टिकट नहीं, कितनी है वेटिंग?
रात में थाने बुलाने की बात से बढ़ी मामले की गंभीरता
इस मामले में सबसे गंभीर आरोप महिला को रात में थाने बुलाने से जुड़ा है। वायरल बातचीत में दारोगा महिला को एक रात के लिए थाने आने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। इस कथित बातचीत ने रिश्वत मांगने के आरोप के साथ ही पुलिसकर्मियों के आचरण और महिला की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
ऑडियो में जमीन के कागजात, सरकारी अमीन की रिपोर्ट, करीब चार कट्ठा जमीन पर अतिक्रमण और एफआईआर दर्ज होने को लेकर भी बातचीत सुनाई दे रही है। महिला दूसरे पक्ष के खिलाफ पुलिस की ओर से तत्काल कार्रवाई किए जाने, जबकि उसकी शिकायत की अनदेखी करने का आरोप लगाती सुनाई देती है।
जदयू नेता ने डीएम से की थी शिकायत
इस मामले में जदयू के प्रखंड अध्यक्ष अरविंद कुशवाहा ने जिलाधिकारी को लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच कराने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि यदि वायरल ऑडियो सही है तो यह पुलिस महकमे की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचाने वाला मामला है।
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने दारोगा शैलेश कुमार को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, वायरल ऑडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है।
