Ghaziabad News:नामी कंपनियों के नाम से नकली यूरिया बनाने वाली फैक्टरी पर छापा – Factory Manufacturing Spurious Urea In The Name Of Nami Companies Raided
साहिबाबाद। अर्थला में नामी कंपनियों के नाम पर नकली लिक्विड यूरिया बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फैक्टरी में नकली यूरिया तैयार कर उस पर दो प्रतिष्ठित कंपनियों के लेबल लगाकर बाजार में बेचने की तैयारी थी। कंपनियों के प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस ने फैक्टरी में छापा मारकर करीब दो क्विंतल नकली यूरिया बरामद की है।
मुंबई की एक कंपनी में नांगलोई दिल्ली निवासी जांच अधिकारी अंसार खान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी जिम्मेदारी उर्वरक कंपनियों के नाम और उत्पादों का गलत इस्तेमाल कर फर्जीवाड़े की जांच करना है। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद में नकली यूरिया बनाने की सूचना मिल। उन्होंने अपने स्तर से जांच की तो शिकायत सही पाई और 17 नवंबर को इसकी शिकायत साहिबाबाद थाने में दी। पुलिस के साथ वह दोपहर करीब तीन बजे जीटी रोड स्थित अमृत रसायन वृद्धि प्राइवेट लिमिटेड की फैक्टरी में छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां बाल्टियों में भरी करीब दो क्विंतल लिक्विड यूरिया मिला। इस पर दो नामी कंपनियों के लेबल लगे थे। जांच में उत्पाद, संबंधित कंपनियों का नहीं पाया गया। फैक्टरी से नकली यूरिया तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले दो जंबो फिल्टर, दो मल्टीपोर्ट वाल्व और आरओ पैनल भी बरामद किए गए। शिकायत के आधार पर फैक्टरी मालिक विनोद मित्तल के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि जब्त यूरिया के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
